पठानकोट में अमरनाथ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट: 50 नाकों पर चलाया चेकिंग अभियान; बॉर्डर के पास गुज्जरों के डेरे भी खंगाले – Pathankot News

पठानकोट में अमरनाथ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट:  50 नाकों पर चलाया चेकिंग अभियान; बॉर्डर के पास गुज्जरों के डेरे भी खंगाले – Pathankot News




3 जुलाई से शुरू होने जा रही श्री अमरनाथ यात्रा से ठीक पहले सरहदी जिला पठानकोट में सुरक्षा एजेंसियां रेड अलर्ट पर हैं। किसी भी बड़ी आतंकी साजिश या अप्रिय घटना को नाकाम करने के लिए पठानकोट पुलिस ने पूरे जिले को एक अभेद्य किले में तब्दील कर दिया है। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से लेकर जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाली पंजाब की सीमाओं पर ‘रेड अलर्ट’ घोषित कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात है और आसमान से लेकर जमीन तक संदिग्धों पर पैनी नजर रखी जा रही है। वहीं, बुधवार को भारत-पाक सीमा से सटे इलाकों में गुज्जरों के डेरों पर भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान संदिग्धों से पूछताछ भी की गई।
जम्मू-कश्मीर का ‘प्रवेश द्वार’ बना छावनी
पठानकोट भौगोलिक रूप से जम्मू-कश्मीर का ‘गेटवे’ (प्रवेश द्वार) है, जिसके चलते देश के किसी भी कोने से आने वाला अमरनाथ यात्रियों का हर जत्था यहीं से होकर गुजरता है। इसी संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे जिले में 50 से ज्यादा हाई-टेक नाके स्थापित कर दिए गए हैं। अंतरराज्यीय सीमाओं पर सख्त पहरा लगाया गया है और जम्मू-कश्मीर और हिमाचल से आने-जाने वाले हर एक वाहन की सघन चेकिंग की जा रही है। भारत-पाक बॉर्डर पर भी पैनी नजर
पठानकोट पुलिस बीएसएफ और सेना के साथ मिलकर भारत-पाक सीमा से सटे इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रमुख चौकों, भीड़भाड़ भरे बाजारों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील ठिकानों पर अचानक रेड डालकर तलाशी ली जा रही है। इस अभियान की कमान खुद वरिष्ठ अधिकारी संभाल रहे हैं। खुद एसएसपी, एसपी, डीएसपी और थाना प्रमुख के अलावा चौकी इंचार्ज तक फील्ड में उतर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।
बख्शे नहीं जाएंगे शरारती तत्व: डीएसपी
डीएसपी हेडक्वार्टर आर.के. शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पठानकोट सुरक्षा के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए पूरे बॉर्डर क्षेत्र में 24 घंटे की नाकेबंदी कर दी गई है।
हर संदिग्ध गतिविधि पर हमारी नजर है। डीएसपी शर्मा ने असामाजिक और देशविरोधी तत्वों को खुली चुनौती देते हुए कहा, अगर किसी ने भी कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने या यात्रा में खलल डालने की जुर्रत की, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
लोगों को सहयोग की अपील
पठानकोट पुलिस द्वारा चलाए गए इस व्यापक सर्च ऑपरेशन और चेकिंग में पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति को देखते ही तुरंत पुलिस को सूचित करें, क्योंकि सुरक्षा में एक छोटी सी चूक भी भारी पड़ सकती है। अमरनाथ यात्रा के शुरू होने तक पठानकोट पुलिस का यह ‘ऑपरेशन क्लीन एंड सेफ’ इसी तरह जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *