सुजानपुर में कांग्रेस की बैठक: मतदाता सूची संशोधन पर नजर रखने के निर्देश, पात्र वोटर का नाम न कटे- जोशी – Pathankot News
पठानकोट के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने मतदाता सूची संशोधन अभियान को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। पंजाब कांग्रेस कमेटी के निर्देशों पर एक महत्वपूर्ण बैठक में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखने और हर पात्र मतदाता की सहायता करने के निर्देश दिए गए। सुजानपुर में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता बीएलए इंचार्ज कमल कुमार ने की। इसमें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुजानपुर के प्रधान जरनैल सिंह और धारकलां ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधान राजकुमार राजू ने भी नेतृत्व किया। जिला कॉर्डिनेटर रोहित जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। रोहित जोशी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बूथ प्रधान और कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें। उन्होंने मतदाता सूची में किए जा रहे संशोधनों पर सतर्क निगरानी रखने पर जोर दिया। जोशी ने कहा कि यह सुनिश्चित करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से न कटे। जोशी बोले- जाली वोट बनाने से रोका जाना चाहिए जोशी ने यह भी निर्देश दिया कि फर्जी या जाली वोट बनवाने के किसी भी प्रयास को रोका जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के विभिन्न राज्यों में हुए चुनावों के दौरान मतदाता सूचियों से नाम काटे जाने के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ काम करने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बूथ प्रधान, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस पार्टी ने आगामी चुनावों से पहले इस अभियान के माध्यम से संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है।
Source link

