जालंधर के शाहकोट में पूर्व इंस्पेक्टर ने की आत्महत्या: NRI बहू व परिजनों पर मानसिक प्रताड़ना का मामला दर्ज, पुलिस जांच शुरु – Jalandhar News
जालंधर के शाहकोट के पास स्थित गांव कनियां कलां से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंजाब पुलिस के एक सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) इंस्पेक्टर हरभजन सिंह (68) ने मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पत्नी के अनुसार, न्यूजीलैंड में रहने वाले बेटे-बहू के बीच चल रहे विवाद और इसके बाद लड़की पक्ष द्वारा दर्ज कराए गए झूठे मुकदमे व लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें कई लोगों के नाम दर्ज हैं। शाहकोट थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घरेलू विवाद और अदालती मामले से परेशान थे रिटायर्ड इंस्पेक्टर मॉडल थाना शाहकोट की पुलिस को दिए बयानों में मृतक हरभजन सिंह की पत्नी कुलवंत कौर ने बताया कि उनके पति पंजाब पुलिस से रिटायर होने के बाद गांव में ही खेतीबाड़ी का काम संभाल रहे थे। उनके तीन बच्चे हैं (दो बेटियां और एक बेटा), जो सभी शादीशुदा हैं और इस समय न्यूजीलैंड में रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके बेटे अमरप्रीत सिंह की शादी 5 मई 2025 को गुरदासपुर के गांव पनियार की रहने वाली नवदीप कौर के साथ हुई थी। शादी के करीब 18 दिन बाद दोनों पति-पत्नी न्यूजीलैंड चले गए। लेकिन वहां जाने के बाद दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि अमरप्रीत सिंह ने न्यूजीलैंड की अदालत में तलाक का केस दायर कर दिया, जो अभी विचाराधीन है। लड़की पक्ष पर प्रताड़ना और झूठा केस दर्ज कराने का आरोप कुलवंत कौर ने आरोप लगाया कि तलाक के मामले से बौखलाकर उनकी बहू नवदीप कौर ने अपने पिता रछपाल सिंह के जरिए उनके पूरे परिवार को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। लड़की पक्ष ने उन्हें परेशान करने की नीयत से थाना सिटी बटाला (गुरदासपुर) में रिटायर्ड इंस्पेक्टर हरभजन सिंह, उनके बेटे अमरप्रीत सिंह, दोनों बेटियों और दामाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करवा दिया था।
इस पुलिस केस के दर्ज होने के बाद से ही हरभजन सिंह मानसिक रूप से बेहद तनाव में रहने लगे थे। कुलवंत कौर ने बताया कि वह और उनके पति 10 जून 2026 को ही न्यूजीलैंड से भारत लौटे थे, लेकिन यहां आने के बाद भी लड़की वाले उन्हें लगातार डरा-धमका रहे थे। सुसाइड नोट छोड़कर दी जान, पुलिस कर रही छापेमारी पत्नी के मुताबिक, बहू नवदीप कौर, उसके पिता रछपाल सिंह और न्यूजीलैंड व पंजाब के रहने वाले कई अन्य सहयोगियों द्वारा दी जा रही लगातार धमकियों से तंग आकर हरभजन सिंह ने 14 जून 2026 की शाम करीब 5 बजे जहरीली चीज खा ली। गंभीर हालत में उन्हें जालंधर के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएचओ दिलबाग सिंह ने यह भी बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link

