फरीदकोट में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही: 60 साल पुराना पीपल का पेड़ गिरा, पोल्ट्री फार्म की छत ढही; 2 हजार मुर्गियां मरी – Faridkot News
फरीदकोट जिले में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। तेज आंधी, तूफान और बारिश के कारण कई स्थानों पर नुकसान की घटनाएं सामने आ रही हैं। शुक्रवार रात को भी फरीदकोट और जेतो क्षेत्र में खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई। वहीं एक अन्य जगह पोल्ट्री फार्म की छत गिरने से 2 हजार मुर्गियां मर गई। फरीदकोट के प्राचीन गौशाला पंचवटी मंदिर परिसर में लगा करीब 60 साल पुराना पीपल का पेड़ तेज आंधी और बारिश के कारण जड़ों समेत उखड़कर गिर गया। यह पेड़ वर्षों से लोगों की धार्मिक आस्था का केंद्र था और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना करने पहुंचते थे। जूता-घर के शेड को भी नुकसान पहुंचा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात के समय तेज हवा चली। कुछ ही क्षणों में विशाल पीपल का पेड़ जोरदार आवाज के साथ धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से मंदिर परिसर में बने जूता-घर के शेड को भी नुकसान पहुंचा। हालांकि हादसा रात में होने के कारण किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। पोल्ट्री फार्म मालिक ने मुआवजे की लगाई गुहार उधर, जेतो के कोटकपूरा रोड पर स्थित एक पोल्ट्री फार्म भी तेज बारिश और आंधी की चपेट में आ गया। खराब मौसम के चलते फार्म की छत अचानक ढह गई, जिससे करीब 2 हजार मुर्गियां व चूजे मलबे के नीचे दबकर मर गए। इस घटना से फार्म मालिक को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। पोल्ट्री फार्म के मालिक विजय कुमार गर्ग ने प्रशासन और सरकार से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Source link

