पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स: 4 IAS और 30 PCS अधिकारियों का तबादला, मोगा में गर्लफ्रेंड से तंग युवक ने किया सुसाइड – Mohali News
IAS अधिकारी कृतिका गोयल।- फाइल फोटो
पंजाब सरकार द्वारा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। सरकार ने 4 IAS और 30 PCS अधिकारियों के ट्रांसफर किए है। इसमें अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ADC) और सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
.
2022 बैच के IAS अधिकारी डेवी गोयल को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) श्री मुक्तसर साहिब लगाया गया है। उन्हें अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
साल 2023 बैच की IAS अधिकारी कृतिका गोयल को मानसा का नया अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) नियुक्त किया गया है। वर्ष 2023 बैच के ही IAS अधिकारी आदित्य शर्मा को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) तरनतारन और पल्लवी मिश्रा को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमृतसर तैनात किया गया है।




जालंधर में पेट्रोल डाल आत्मदाह की कोशिश

जालंधर के गुरु रविदास चौक पर दोपहर प्रॉपर्टी डीलर से परेशान व्यक्ति ने खुद पर डीजल डाल लिया। इससे पहले की वो आग लगाता चौक पर खड़े पुलिस ने कर्मी ने उसे देख लिया और रोक लिया। व्यक्ति की पहचान सोनू निवासी कोट सदीक के रूप में हुई है।
एसआई नत्थू सभ्रवाल ने बताया कि गुरु रविदास चौक पर एक व्यक्ति हाथों में कैन पकड़कर शोर मचा रहा था। उसके सामने ही उसने अपने ऊपर डीजल डाल लिया। जब व्यक्ति को रोका तो उसने बताया कि प्रॉपर्टी के लेन-देन को लेकर विवाद है। रिपन ड्रीम होम नामक प्रॉपर्टी डीलर पर आरोप लगाते हुए सोनू ने कहा कि उसने इससे प्लाट लिया था। इसका पैसा भी भर दिया, लेकिन रजिस्ट्री उसके नाम नहीं करवाई जा रही थी।
इससे परेशान होकर वह खुद को आग लगाकर मर जाना चाहता है। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति को थाना भार्गव कैंप में भेज दिया गया। थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर प्रापर्टी डीलर के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर)
पंजाब के तरुण चुघ मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद चुने गए

पंजाब के अमृतसर से तरुण चुघ मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। निर्वाचन अधिकारी द्वारा आधिकारिक घोषणा के बाद उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंप दिया गया है। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रद्द होने से चुघ की राह आसान हो गई।
चुघ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं। अमृतसर के रहने वाले चुघ पंजाब का बड़ा हिंदू चेहरा हैं। हाल ही में भाजपा ने पंजाब में सुनील जाखड़ को प्रधान और अश्विनी शर्मा को वर्किंग प्रधान पद से हटा दिया था। उनकी जगह पर जट्टसिख चेहरे केवल ढिल्लों को नया पंजाब प्रधान बना दिया था। ऐसे में भाजपा पर पंजाब में हिंदू हित की अनदेखी का आरोप न लगे, इसलिए चुघ के जरिए डैमेज कंट्रोल किया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)
AAP के हसनप्रीत बरनाला निगम के मेयर बने

बरनाला नगर निगम को नया मेयर मिल गया है। कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच हुई एक बैठक में हसनप्रीत भारद्वाज को सर्वसम्मति से बरनाला नगर निगम का मेयर घोषित किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और संगरूर लोकसभा क्षेत्र के सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
नेताओं ने बताया कि हसन प्रीत भारद्वाज लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं। उनकी कड़ी मेहनत और निष्ठा को देखते हुए ही उन्हें यह महत्वपूर्ण पद सौंपा गया है। सांसद मीत हेयर ने विश्वास दिलाया कि शहर का विकास होगा और इसमें कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)
मोगा में गर्लफ्रेंड से तंग युवक ने किया सुसाइड, 2 लाख उधार लिए, वापस नहीं लौटाए

मोगा में अजीतवाल थाने के गांव तखानवध में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड से तंग आकर सुसाइड कर लिया। युवक ने जहरीली दवाई पी। जिससे वह बेहोश हो गया। परिजनों ने उसे मोगा के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 27 वर्षीय बलजिन्द्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर गर्लफ्रेंड के खिलाफ थाना अजीतवाल में पर्चा दर्ज कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों के मुताबिक बलजिंद्र की एक महिला से काफी समय से दोस्ती थी। दोनों एक दूसरे की मदद करते थे। गर्लफ्रेंड ने बलजिंद्र को अपनी प्रॉब्लम बताकर उससे दो लाख रुपए उधार लिए। (पढ़ें पूरी खबर)
लुधियाना में युवक को रस्सी से बांधा, गले में टांगी- मैं चोर हूं की पर्ची

लुधियाना के जोधेवाल में कुछ लड़कों ने एक युवक को चोरी के शक में बंधक बना लिया। इस दौरान उन्होंने युवक के बाल और दाहिनी आंख की भौंह काट दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज कर ली है।
वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि कुछ लोग लड़के को पकड़ कर रस्सी से बांध देते हैं। इसके बाद वे उसे मारते-पीटते हुए बैंक के बाहर लगे खंभे से बांध देते हैं। इन लड़कों ने युवक की छाती पर एक कागज भी चिपका दिया, जिस पर मैं चोर हूं लिखा था।
जोधेवाल पुलिस सब-इंस्पेक्टर बलकार सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ 10 जून को इलाके में गश्त कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि कैलाश नगर रोड की एक ऐसी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें कुछ लड़के युवक को बंधक बनाकर मारपीट कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
लुधियाना में बेटे ने पूर्व फौजी का घर जलाया, कोर्ट गया था पिता

लुधियाना के थाना मेहरबान क्षेत्र के गांव सीड़ा में बेटे पर अपने ही पूर्व फौजी पिता के घर में आग लगाने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 61 वर्षीय पूर्व फौजी बुध राम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 10 जून 2026 को वह अपने घर को ताला लगाकर किसी निजी काम से कोर्ट कॉम्प्लेक्स गए हुए थे। इसी दौरान उनके बेटे लोकेश कुमार ने कथित तौर पर घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में आग लगा दी।
आग तेजी से पूरे घर में फैल गई, जिससे घर में रखा बेड, एलईडी, सीसीटीवी कैमरे, कीमती कपड़े, पंखे और छत पर लगी पीवीसी पूरी तरह जलकर राख हो गई। आगजनी की इस घटना में पूर्व फौजी को करीब 10 से 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
बुध राम ने बताया कि सबसे दुखद बात यह रही कि घर के मंदिर में रखी पूजा-पाठ की सामग्री और पवित्र धार्मिक ग्रंथ भी आग की भेंट चढ़ गए। उनका कहना है कि इस घटना में उनकी जीवनभर की कमाई और जरूरी सामान नष्ट हो गया। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी बेटे लोकेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
जालंधर ED के सामने पेश हुए विधायक अरोड़ा, 9 दिन में दूसरी बार पहुंचे

जालंधर ईडी (ED) में आज सेंट्रल हल्के से आप विधायक रमन अरोड़ा और फरीदकोट से कांग्रेस के पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह उर्फ किक्की ढिल्लों पेश हुए। ईडी दफ्तर जाने से पहले रमन अरोड़ा ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। 2 जून को भी ED अधिकारियों ने अरोड़ा से लगभग 9 घंटे पूछताछ की थी। रमन अरोड़ा पर आय से अधिक संपत्ति का केस है। इस मामले में उन्हें पहले पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार भी किया था।
रमन अरोड़ा जालंधर सेंट्रल से विधायक हैं। उन पर दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों से वसूली करने के आरोप भी लगे हैं। पंजाब विजिलेंस की ओर से विधायक के खिलाफ दर्ज FIR को आधार बनाकर ED ने मनी लांड्रिंग को लेकर जांच शुरू की है। (पढ़ें पूरी खबर)

