- Hindi News
- National
- Weather MP Up Rajasthan Rain Maharashtra Heatwave Himachal Jammu Kashmir Snowfall
- कॉपी लिंक
यूपी, बिहार, हरियाणा और उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों में रविवार सुबह से बारिश हो रही है। राजस्थान के जयपुर और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। शनिवार को जयपुर, टोंक और अजमेर में 3 लोगों की आंधी-बारिश से मौत हो गई थी।
उत्तराखंड के देहरादून में सुबह से तेज बारिश हो रही है। बारिश से पहले पूरा शहर काले घने बादलों से घिर गया। इससे दिन में शाम जैसा माहौल हो गया। हरियाणा के अंबाला में भी बारिश हुई, जिससे कई कॉलोनियों में पानी भर गया है।
देश के कई शहरों में अब भी हीटवेव की स्थिति है। महाराष्ट्र का वर्धा 44.5°C तापमान के साथ देश में सबसे सबसे गर्म रहा। चंद्रपुर में 44.4°C पारा रहा। राजस्थान के जैसलमेर में 44.4°C और बाड़मेर में 44.3°C तापमान दर्ज किया गया।

अगले 2 दिन के मौसम का हाल
4 मई:
- जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, हिमाचल, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और केरलम में बारिश होगी।
- बंगाल, असम, मेघालय और सिक्किम में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। पश्चिमी राजस्थान में लू का अलर्ट है, वहीं तमिलनाडु पुडुचेरी में उमस भरा मौसम रहेगा।
5 मई:
- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड, बंगाल, दक्षिण कर्नाटक में आंधी बारिश का यलो अलर्ट है। राजस्थान में लू चलेगी। साथ ही आंधी-बारिश का भी अलर्ट है।
- सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल, नगालैंड, मणिपुर मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु और केरलम में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
देशभर के मौसम से जुड़ी 6 तस्वीरें…

उत्तराखंड के देहरादून में बादल छाने से दिन में शाम जैसा माहौल हो गया।

यूपी के रायबरेली के कई इलाकों में बारिश के साथ जमकर ओले गिरे।

हरियाणा के अंबाला में जमकर बारिश हुई, जिससे कई कॉलोनी में जलभराव हो गया।

राजस्थान के पुष्कर में बारिश के बीच बारात टेंट लगाकर निकाली गई।

मध्य प्रदेश के रायसेन में वेयरहाउस की टीन की छत आंधी में उड़ गई।

छत्तीसगढ़ के धमतरी में पाइप लगाकर सड़क पर ठंडी बौछारें छोड़ीं गईं।

राज्यों से मौसम की खबरें…
मध्य प्रदेश: आधे MP में बारिश-आंधी, ग्वालियर-जबलपुर समेत 27 जिलों में अलर्ट; ओले भी गिर सकते हैं

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच तेज आंधी के साथ बारिश का दौर जारी है। भोपाल समेत 20 से ज्यादा जिलों में शनिवार को 30 से 50kmph की रफ्तार से आंधी के साथ बारिश हुई। कई जगहों पर ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार, 6 मई तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। रविवार को 27 जिलों में बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें…
राजस्थान: जयपुर में आंधी-बारिश से एक मौत, सैकड़ों पेड़ गिरे; जैसलमेर और फलोदी सबसे गर्म

राजस्थान में रविवार को भी आंधी-बारिश होगी। जयपुर सहित आसपास के इलाकों में सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं। बादल गरजने के साथ हल्की बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग ने 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को जयपुर में आंधी के साथ बारिश में एक मौत हो गई। सैकड़ों की संख्या में पेड़ गिर गए। कई इलाकों में मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। पूरी खबर पढ़ें…
उत्तराखंड: सभी जिलों में आज बारिश के आसार, टिहरी झील में फंसे 30 टूरिस्ट का SDRF ने रेस्क्यू किया

उत्तराखंड के सभी जिलों में रविवार को बारिश की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी का अलर्ट है। शनिवार को पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, नैनीताल, उधम सिंह नगर और देहरादून में बारिश, तेज हवाओं के साथ ओले भी गिरे। टिहरी झील में अचानक आए आंधी-तूफान के चलते फ्लोटिंग टेंट बह गए। डोबरा-चाटी झील क्षेत्र में करीब 25-30 लोग फंस गए थे, जिनका SDRF टीम ने रेस्क्यू किया। पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणा: फरीदाबाद सहित 8 जिलों में आज आंधी-बारिश, 4 मई से पूरे प्रदेश में मौसम बिगड़ेगा; हिसार सबसे गर्म शहर

हरियाणा के 8 जिलों में रविवार को बारिश के साथ आंधी का अलर्ट है। इनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, यमुनानगर और पंचकूला शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 4 मई से 6 मई तक पूरे हरियाणा में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके कारण लू से राहत मिलने की उम्मीद है। शनिवार को हिसार 41.1°C के साथ सबसे गर्म रहा। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार: 24 जिलों में आंधी-बारिश, 50km प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी हवाएं; 5 मई के बाद सामान्य होगा मौसम

बिहार के 24 जिलों में रविवार को बारिश की संभावना है। इन जिलों में गरज के साथ बिजली गिरने और 50kmph की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 मई के बाद तेज धूप निकलेगी, जिससे तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी बढ़ेगी। पूरी खबर पढ़ें…
पंजाब: 8 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, तापमान सामान्य के करीब; हीटवेव से मिली राहत

पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर सहित 8 जिलों में रविवार को गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 2°C तक बढ़ोतरी हो सकती है। उसके बाद तापमान में 3 से 4°C तक गिरावट होगी। पंजाब के अधिकतर इलाकों में 6 मई तक बारिश के आसार हैं। इससे पहले शनिवार को बठिंडा 40.2°C तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म शहर रहा। पूरी खबर पढ़ें…









