Home Bharat बंगाल में मोदी बोले- TMC का दीया बुझने वाला: शाह ने...

बंगाल में मोदी बोले- TMC का दीया बुझने वाला: शाह ने कहा- अगला CM यहीं जन्म लेने वाला होगा, बस दीदी का भतीजा नहीं होगा

3
0
बंगाल में मोदी बोले- TMC का दीया बुझने वाला:  शाह ने कहा- अगला CM यहीं जन्म लेने वाला होगा, बस दीदी का भतीजा नहीं होगा


  • Hindi News
  • National
  • West Bengal Election 2026 LIVE Update; PM Narendra Modi Hooghly | Amit Shah Mamata Banerjee BJP TMC
कोलकाता2 दिन पहले

  • कॉपी लिंक

पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के दमदम और जादवपुर में रैली की। उन्होंने कहा कि टीएमसी का दिया बुझने वाला है। बुझता दिया फड़फड़ाता है। बंगाल में परिवर्तन की लहर है। पहले चरण की वोटिंग ने इस पर मुहर लगा दी है।

पीएम ने महिला आरक्षण पर कहा कि भाजपा बेटियों के सपने कुचलने नहीं देगी। महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता होगी।

इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने कहा कि 4 मई को हमारी सरकार बनेगी। बंगाल का अगला सीएम यहीं जन्म लेने वाला होगा। बस दीदी का भतीजा नहीं होगा।

बंगाल में गुरुवार को पहले फेज में 152 सीटों पर रिकॉर्ड 92.72% मतदान हुआ है। दूसरे फेज में 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। रिजल्ट 4 मई को आएंगे।

पीएम मोदी शुक्रवार को रैली में आरजी कर पीड़िता की मां से मिले। मोदी बोले- जिस मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनने में मदद की, उसी बेटी को टीएमसी ने उनसे छीन लिया।

पीएम मोदी शुक्रवार को रैली में आरजी कर पीड़िता की मां से मिले। मोदी बोले- जिस मां ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनने में मदद की, उसी बेटी को टीएमसी ने उनसे छीन लिया।

मोदी की स्पीच के 4 पॉइंट्स, कहा-

  • बंगाल को टीएमसी से आजादी चाहिए। टीएमसी के डर से आजादी, टीएमसी के भ्रष्टाचार से आजादी, टीएमसी के सिंडिकेट से आजादी, बेटियों पर अत्याचार और बेरोजगारी से आजादी।
  • टीएमसी ने बंगाल में लोकतंत्र के मंदिर को कुचल दिया था, लेकिन पहले चरण में जनता ने लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण कर दिया है। दूसरे चरण में आपको इस लोकतंत्र के मंदिर पर विजय ध्यज फहराना है।
  • जब बंगाल की बेटियां न्याय मांगती हैं तो टीएमसी उन्हें घर से बाहर न निकलने की सलाह देती है। टीएमसी नहीं चाहती कि महिलाएं सपने देखें।
  • 4 मई को बीजेपी की सरकार बनने के बाद महिलाओं पर हुए सभी अत्याचारों की फाइलें खोली जाएंगी। यह मोदी की गारंटी है।

विधानसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

अपडेट्स

10:38 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

अभिषेक बनर्जी बोले- अपराधी अब बीजेपी में शामिल हो जाते हैं

पश्चिम बंगाल के जगतबल्लभपुर में टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पहले चोर, डकैत, हत्यारे और बलात्कारी अपराध करते थे और जेल जाते थे। अब वे बीजेपी में शामिल हो जाते हैं। आप अपने आसपास देखिए, कोई सभ्य या शालीन व्यक्ति बीजेपी का समर्थन नहीं करता। कोई पढ़ा-लिखा या सम्मानित व्यक्ति बीजेपी के साथ नहीं है। सभी चोर, भ्रष्ट लोग, ठग, शराबी, नशेड़ी, गद्दार और बेईमान लोग बीजेपी में हैं।

09:30 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम मोदी बोले- महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना हमारा लक्ष्य

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम चाहते हैं कि हर योजना में महिलाओं की भागीदारी बढ़े। लेकिन कुछ दिन पहले संसद में टीएमसी और उसके सहयोगियों ने महिला आरक्षण का विरोध किया। देश चाहता है कि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़े, लेकिन टीएमसी ऐसा नहीं चाहती।

आज बंगाल में हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर ‘मातृ शक्ति भरोसा कार्ड’ बांट रहे हैं। हर बहन को हर महीने 3000 रुपए, यानी सालाना 36,000 रुपए की सहायता का आश्वासन दिया जा रहा है।

09:15 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम ने कहा- टीएमसी ने 15 साल में बंगाल की पहचान खत्म की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 15 साल में टीएमसी सरकार ने बंगाल की पहचान को खत्म कर दिया है। यहां घुसपैठियों को लाकर बसाया जा रहा है। वे बंगाल की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं।

एक तरफ टीएमसी का भ्रष्टाचार है, तो दूसरी तरफ घुसपैठियों का अत्याचार। बंगाल के युवाओं को रोजगार के लिए अपने घर छोड़ने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस समस्या का समाधान तभी होगा, जब टीएमसी पूरी तरह पराजित होगी और भाजपा पूरी ताकत के साथ सत्ता में आएगी।

यहां बैठी TMC सरकार वंचित वर्ग के खिलाफ है। केंद्र सरकार की जो योजनाएं हैं उसमें बाधा डाल रही है। आयुष्मान भारत योजना में 5 लाख तक के इलाज का खर्च मोदी सरकार उठाती है, लेकिन टीएमसी ने इस योजना को बंगाल में रोक रखा है। प्रधानमंत्री आवास योजना में भी टीएमसी सरकार घपला कर रही है।

09:08 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम बोले- TMC राज में बेटियां सुरक्षित नहीं, BJP सरकार में बलात्कारी सुरक्षित नहीं रहेगा

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जादवपुर में कहा कि पहले चरण के मतदान से साफ हो गया है कि कई जिलों में टीएमसी अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी। दूसरे चरण में आपको टीएमसी की पक्की हार और विकसित बंगाल के संकल्प पर मुहर लगानी है।
  • बीजेपी की जीत, चाहे बड़ी हो या निर्णायक, बंगाल में तेज विकास का नया दौर लेकर आएगी। 29 अप्रैल को आपको यह काम करना है। यह बंगाल के लिए बहुत बड़ा अवसर है, इसलिए एक भी वोट छूटना नहीं चाहिए।
  • टीएमसी सरकार में पाले गए अपराधियों और गुंडों, तथा महिलाओं के खिलाफ बलात्कार जैसी घटनाओं के दोषियों को कानून सख्त सजा देगा और हम यह सुनिश्चित करेंगे। टीएमसी शासन में यहां बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, लेकिन भाजपा सरकार में कोई भी बलात्कारी या अपराधी सुरक्षित नहीं रहेगा। सबका हिसाब होगा, यह मोदी की गारंटी है।

09:01 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम ने कहा- 15 साल में TMC ने बंगाल को सिर्फ लूटने का काम किया

पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जाधवपुर में कहा कि बंगाल में पहले चरण का मतदान हो चुका है। पहले चरण में बंपर मतदान हुआ है। देश आजाद होने के बाद कभी ऐसा नहीं देखा जो इस बार बंगाल के लोगों ने कर दिखाया। हर तरफ यही चर्चा है कि भाजपा को कितना बड़ा समर्थन बंगाल में मिला है। आज बंगाल के छोटे दूकानदारों से लेकर बड़े व्यापारी तक, सब भयमुक्त होकर भाजपा की सरकार के लिए समर्थन दे रहे हैं। हर कोई परिवर्तन के लिए भाजपा के भरोसे पर बंगाल का भाग्य बनाने के लिए तैयार हैं।

पिछले 15 साल में TMC ने बंगाल को सिर्फ और सिर्फ लूटने का काम किया है। ऐसा कोई काम नहीं जहां TMC का भ्रष्टाचार नहीं इसलिए बंगाल की जनता कह रही है ‘भर्ती घोटाला चोलबे न'(भर्ती घोटाला नहीं चलेगा), चीट फंड घोटाला, कोयला खनन घोटाला, गरीबों के राशन की लूट, तस्करों को छूट, कटमनी, भ्रष्टाचार नहीं चलेगा।

08:55 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम मोदी ने दमदम में रोड शो किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के दम दम में रोड शो किया। इस दौरान लोगों की लंबी कतारें लगी रही।

08:44 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

अधीर रंजन ने कहा- SIR के डर की वजह से वोटिंग बढ़ी

अधीर रंजन चौधरी ने कहा,’ बंगाल चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान को लेकर कहा कि SIR के डर के कारण बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंचे। चौधरी बहरामपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

07:44 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम ने कहा- भाजपा के बुनियाद में बंगाल के विचार हैं

भाजपा वह राजनैतिक दल है, जिसकी बुनियाद में बंगाल के विचार हैं, बंगाल का प्रवाह है। हमें गर्व है डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर, जिनकी प्रेरणा से जनसंघ का जन्म हुआ। फिर समय के साथ भाजपा की स्थापना हुई। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कहते थे कि देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेंगे। हमने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई, वहां भारत का संविधान लागू किया।

बंगाल में भाजपा सरकार बनेगी तो उसके लिए मध्यम वर्ग का हित सर्वोपरि होगा। मध्यम वर्ग का जीवन आसान बने इसके लिए बीते 11 सालों में केंद्र सरकार ने अनेक निर्णय लिए हैं। 2014 से पहले जब TMC के समर्थन से दिल्ली में सरकार चलती थी, तो केंद्र सरकार 2 लाख तक की सालाना आय पर टैक्स लगाती थी। हमने 12 लाख तक की सालाना आय पर टैक्स शून्य कर दिया।

07:38 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम मोदी ने कहा- बंगाल को चाहिए टीएमसी से मुक्ति

  • पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल को चाहिए टीएमसी से मुक्ति चाहिए। टीएमसी के डर से मुक्ति, टीएमसी के भ्रष्टाचार से मुक्ति, टीएमसी के सिंडिकेट से मुक्ति, बेटियों पर अत्याचार से मुक्ति, मजबूरन पलायन से मुक्ति, बेरोजगारी से मुक्ति और अवैध कब्जों से मुक्ति। बंगाल की गरिमा लौटाने और इसे फिर अवसरों की भूमि बनाने के लिए यह मुक्ति बहुत जरूरी है।
  • बंगाल की महिलाएं कह रही हैं कि वे राज्य में टीएमसी सरकार बदलेंगी। टीएमसी महिला विरोधी पार्टी है, जबकि बीजेपी महिला-नेतृत्व वाले विकास के मॉडल पर काम करती है। जिस मां ने अपनी बेटी को पढ़ाया, वही बेटी टीएमसी के जंगलराज की शिकार हो गई, उसे बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया। संदेशखाली की पीड़िताओं को भी नेतृत्व का मौका दिया गया है।

07:17 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम ने कहा- TMC का दीया बुझने से पहले फड़फड़ा रहा

मोदी ने बंगाल के दमदम में चुनावी रैली में कहा कि लंबे समय से बंगाल में परिवर्तन की जो लहर दिख रही थी, कल पहले चरण की मतदान ने उस पर मुहर लगा दी।

टीएमसी ने बंगाल में लोकतंत्र के मंदिर को कुचल दिया था। जनता ने बंगाल के पहले चरण में लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण कर दिया है। दूसरे चरण में आपको इस लोकतंत्र के मंदिर पर विजय ध्वज फहराना है।

टीएमसी का दिया बुझने से पहले फड़फड़ा रहा है। नतीजों के बाद टीएमसी के गुंडों को छिपने की जगह नहीं मिलेगी।

07:12 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम ने वीडियो शेयर कर लिखा- कोलकाता की यादगार सुबह

पीएम मोदी ने वीडियो पोस्ट कर लिखा- हुगली के किनारे खास पल… कोलकाता की एक यादगार सुबह।

06:55 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

शाह ने कहा- बंगाल में बीजेपी की सुनामी दिख रही है

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हमारे लिए पूरा बंगाल ही टफ था। कई राज्यों में हम सीधे जीत हासिल करते हैं, लेकिन यहां हम 77 सीटों पर हैं। सरकारें देश की जनता बनाती है, इसलिए यहां भी भाजपा सरकार का बनना तय है।
  • मुझे तो बीजेपी की सुनामी दिख रही है। बड़े अंतर से सीटें बढ़ेंगी। मध्यमग्राम में हुए रोड शो में जो नजारा मैंने देखा, वह मेरी कल्पना से भी कहीं बड़ा था।
  • पहले कोलकाता शहर में कांग्रेस को वोट मिलता था, फिर कम्युनिस्टों को, उसके बाद ममता बनर्जी को। अब भाजपा आएगी और 30 साल तक रहेगी।
  • यहां एंटी इंकम्बेंसी लहर चरम पर है। पिछली बार भी थी, लेकिन तब कई बूथों पर कब्जा हुआ और मतदाताओं को बाहर नहीं निकलने दिया गया। इस बार मतदाताओं को आजादी मिली है। प्रशासन और पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है, जिससे नतीजे हमारे पक्ष में आएंगे।

06:46 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

अमित शाह बोले- बंगाल में ‘भतीजा टैक्स’ खत्म करेंगे

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बीजेपी की सरकार बनने के बाद व्यापारियों को किसी तरह का ‘भतीजा टैक्स’ या ‘भाइपो टैक्स’ नहीं देना पड़ेगा। हम सिंडिकेट व्यवस्था को खत्म करेंगे। जो प्रशासन राजनीतिक और आपराधिक हो गया है, वह एक तरह का दानव बन चुका है। हम बंगाल के लोगों को इस दानव से मुक्त कराएंगे।

06:25 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

शाह ने कहा- धार्मिक उत्सव पर कोई हमला ना हो उसे सुनिश्चित करेंगे

  • अमित शाह ने कहा, ‘हम असम की तर्ज पर बंगाल में भी अनाधिकृत कब्जों पर ड्राइव चलाकर उन्हें मुक्त कराने का काम करेंगे। यहां धार्मिक उत्सवों पर हमलों की परंपरा रही है। हम सुनिश्चित करेंगे कि कोई इन पर हमला न कर पाए।
  • देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा विकसित भारत की यात्रा में जुड़ चुका है। आपका प्यार पहले चरण में दिखाई दिया है।
  • आपका यह उत्साह दूसरे चरण में भी दिखाई देगा, यह उम्मीद करता हूं। पुराने चुनाव भूल जाइए आने वाले भविष्य के लिए मतदान करें और बीजेपी की सरकार बनाएं।

06:22 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

शाह ने कहा- 5 तारीख के बाद अंग, बंग और कलिंग तीनों जगह भाजपा का शासन होगा

  • अमित शाह ने कहा, एक बहुत बड़ी आशंका बताई जाती थी कि जनसमर्थन तो है, लेकिन वह पोलिंग स्टेशन पर पहुंचेगा क्या? अब यह दूर हो गई है। दूसरे चरण के लोगों की जिम्मेदारी है कि बदलाव के दौर का वे आगे बढ़ाएं।
  • 5 तारीख के बाद अंग, बंग और कलिंग तीनों जगह भाजपा का शासन होगा।
  • मोदी जी ने 2014 में कहा था भारत माता की दोनों भुजाओं को सम विकास होना चाहिए। पूर्व के क्षेत्र किसी न किसी कारण से पिछड़े हैं।
  • भाजपा के शासन के आने बाद जो पूर्वोदय की यात्रा मोदी जी ने शुरू की है वह आगे बढ़ेगीमुख्यमंत्री जी अफवाह फैला रही हैं भाजपा का शासन आया तो बंगाल के लोग बाहर कर दिए जाएंगे।
  • मैं दीदी को बताना चाहूंगा कि अगला सीएम बंगाल का ही होगा। वह सिर्फ आपका भतीजा नहीं होगा, बीजेपी का कार्यकर्ता होगा। हमारी प्राथमिकता महिलाओं को सुरक्षा देना होगा।

06:18 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

शाह ने कहा- ममता दीदी को मातृशक्ति देगी जवाब देगी

अमित शाह ने कहा, जिस राज्य की मुख्यमंत्री कहती हो कि 7 बजे के बाद सड़कों पर निकलने की जरूरत क्या है। मैं कहना चाहूंगा कि 5 तारीख के बाद एक छोटी सी बच्ची भी रात में बिना डर के निकल सकेगी।

  • दीदी को महिला आरक्षण का विरोध करने का जवाब भी बंगाल की मातृशक्ति देगी।
  • हमारी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त शासन तो देगी ही, जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है उनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज से जांच करवाएंगे।
  • हमने अपील की है परिवर्तन होगा। इसका मतलब एमएलए बदलना नहीं है। सरकार चलाने वाली पार्टी बदलना नहीं है। इसका मतलब मुख्यमंत्री बदलना नहीं है। इसका मतलब है घुसपैठ मुक्त बंगाल बनाना है।

06:05 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

शाह बोले- भय जाने वाला है, भरोसा आने वाला है

अमित शाह ने कहा कि बंगाल में बहुत लंबे अरसे बाद एक भी मौत नहीं हुई है। इसके लिए पुलिस का धन्यवाद देता हूं। हमारे पास जो फीडबैक है उसमें जनता ने अपना भरोसा पहले ही चरण में बता दिया है। मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास की यात्रा में बंगाल के लोगों ने स्पष्ट कर दिया है कि वह भी इसमें शामिल हो रहा है। भय जाने वाला है और भरोसा आने वाला है।

हमने विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ देर रात तक एक असेसमेंट किया है। मैं बताना चाहता हूं कि 152 में से 110 से ज्यादा सीटें BJP जीतने वाली है। दूसरे चरण के चुनाव को मिलाकर हम बंगाल में शुद्ध रूप से भाजपा सरकार बनाने वाले हैं।

06:00 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

कोलकाता में अमित शाह की प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- बंगाल मतदाताओं का आभार करता हूं

बंगाल की जनता ने उत्साह और जोश के साथ परिवर्तन के लिए वोट डाला है। जो प्रतिशत सामने आया है। वह लोकतंत्र पर भरोसा करने वालों के लिए काफी है। बंगाल के सभी मतदाताओं का आभार करता हूं। जो आपने भरोसे की यात्रा शुरू की है। दूसरे चरण के मतदाता भी भय से भरोसे की यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।

05:56 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

PM ने नाविक को गले लगाया, ₹1000 किराया भी दिया

कोलकाता के हुगली घाट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाव की सवारी के बाद नाविक को गले लगाया। नाविक गौरांगो बिस्वास ने बताया कि वह उनकी नाव से उतरने के बाद उन्हें गले लगे और नाव के किराए के तौर पर 1000 रुपये दिए।

05:47 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

रिकॉर्ड वोटिंग पर खड़गे बोले- इंतजार कीजिए, देखते हैं

तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुए रिकॉर्ड मतदान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इंतजार कीजिए, देखते हैं।

तमिलनाडु में मतदान एक ही चरण में पूरा हुआ, जबकि पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में हो रहा है। दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा।

05:12 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

ममता बनर्जी बोलीं- दिल्ली से भी BJP को हटाना होगा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि जो लोग बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं, उनके नाम दर्ज हैं। आपने बीजेपी बैकग्राउंड के लोगों को लाकर उसी हिसाब से अधिकारियों की नियुक्ति की है। याद रखिए, आप हमें हरा नहीं सकते। हम अन्याय के खिलाफ लड़ते हैं, अपने अधिकारों के लिए लड़ते हैं। मेरा जन्म बंगाल में हुआ है और यहीं मेरी मृत्यु होगी। बंगाल जीतने के बाद मैं दिल्ली पर भी कब्जा करूंगी। मुझे सत्ता नहीं चाहिए, मुझे दिल्ली में बीजेपी का अंत चाहिए। सिर्फ बंगाल में ही नहीं, दिल्ली से भी बीजेपी को हटाना होगा।

04:47 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

बंगाल में रिकॉर्ड मतदान पर शाह बोले- यह बंगाल में नए युग की आहट

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने X पर लिखा- पश्चिम बंगाल में प्रथम चरण में ऐतिहासिक मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में सहभागिता के सभी रिकॉर्ड तोड़ने के लिए प्रदेश के मतदाताओं का अभिनंदन करता हूं।

बंगाल के इतिहास के सबसे शांतिपूर्ण और सुरक्षित मतदान के लिए माननीय चुनाव आयोग, सभी केंद्रीय सुरक्षा बलों (CAPFs) के बहादुर जवानों और हमारी पश्चिम बंगाल पुलिस का भी अभिनंदन करता हूं। यह बंगाल में सुशासन के नए युग की आहट है।

04:35 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

बंगाल चुनाव के बाद चुनाव आयोग की नई गाइडलाइन

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद चुनाव आयोग ने कुछ नए नियम लागू किए हैं, ताकि वोटिंग से जुड़ा डेटा सुरक्षित रहे।

अब वोटिंग खत्म होते ही पोलिंग बूथ के कैमरों से एसडी कार्ड नहीं निकाले जा सकेंगे। अधिकारी सिर्फ कैमरे हटाएंगे और उन्हें सेक्टर अधिकारी की निगरानी में रखा जाएगा।

एसडी कार्ड केवल तय किए गए डेटा कलेक्शन सेंटर पर ही निकाले जाएंगे। वह भी सहायक रिटर्निंग अधिकारी की मौजूदगी में।

04:22 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

पीएम ने नाव की सवारी का वीडियो शेयर किया

पीएम ने वीडियो शेयर कर लिखा- कल शाम हावड़ा से कोलकाता तक लंबे रोड शो के दौरान हावड़ा ब्रिज पर था। आज सुबह उसे हुगली नदी से देखा।

04:19 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

PM मोदी ने लिखा- गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है

हर बंगाली के लिए गंगा का एक बेहद खास स्थान है। यह कहना गलत नहीं होगा कि गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है। इसकी पवित्र धारा एक पूरी सभ्यता की कालातीत भावना को अपने साथ लेकर चलती है।

आज सुबह कोलकाता में मैंने हुगली नदी के किनारे कुछ समय बिताया और मां गंगा के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

इस दौरान मुझे नाविकों से मिलने का अवसर भी मिला, जिनकी मेहनत वाकई सराहनीय है, साथ ही वहां टहलने आए लोगों से भी मुलाकात हुई।

हुगली के तट पर मैंने पश्चिम बंगाल के विकास और महान बंगाली समाज की समृद्धि के लिए हमारे संकल्प को दोहराया।

03:36 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

कांग्रेस का आरोप- चुनाव आयोग निष्पक्षता नहीं दिखा रहा

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि चुनाव आयोग के एक नोटिस में शिकायतकर्ता के तौर पर TMC नेता डेरेक ओ ब्रायन का नाम है, जबकि दूसरे नोटिस में यह नाम हटा दिया गया है। इससे आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं।

कांग्रेस ने यह भी आपत्ति जताई कि जवाब देने के लिए सिर्फ 24 घंटे का समय दिया गया, जो चुनावी व्यस्तता के बीच पर्याप्त नहीं है। पार्टी ने विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है।

लेटर में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयानों को भी MCC का उल्लंघन बताया और कहा कि इन मामलों में चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की।

कांग्रेस का कहना है कि आयोग का रवैया ‘प्राकृतिक न्याय’ के सिद्धांतों के खिलाफ है। वह इस मामले में निष्पक्षता नहीं दिखा रहा।

03:34 AM24 अप्रैल 2026

  • कॉपी लिंक

खड़गे ने कहा था- मोदी आतंकवादी की तरह

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चेन्नई में मंगलवार को कहा था ‘मोदी एक आतंकवादी की तरह हैं जो समानता में विश्वास नहीं रखते। उनकी पार्टी भी समानता और न्याय में विश्वास नहीं रखती।’ उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं। मेरा मतलब है कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं।

हालांकि बाद में उन्होंने बयान पर सफाई देते हुए कहा था कि PM मोदी लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं। मेरा मतलब है कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं।

चुनाव आयोग ने खड़गे से मांगा था जवाब चुनाव आयोग (EC) ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा था। यह नोटिस आयोग ने वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारियों से शिकायतें मिलने के बाद जारी किया था। आयोग ने कहा था कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने राष्ट्रीय चुनाव आयोग के प्रावधानों का उल्लंघन किया है।

खबरें और भी हैं…



Source link

    Previous articleEC के नोटिस का कांग्रेस ने दिया जवाब: कहा- चुनाव आयोग की कार्रवाई दुर्भावना से प्रेरित, खड़गे ने मोदी को आतंकी कहा था
    Next articleमणिपुर में पहली बार महिलाएं इतनी उग्र: दिन में रास्ते रोक कर धरना, रात में मशाल रैलियों से आंदोलन आगे बढ़ा रहीं

    Leave a Reply