गुरदासपुर में BJP नेता पर फायरिंग से पहले की रेकी: 2 करोड़ की मांगी थी रंगदारी; मैसेज भेजा-भाजपा के झंडे में लपेटकर भेजेंगे – Pathankot News
मंगलवार की देर रात गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में भाजपा के जिला ट्रेड सेल के प्रधान विजय सोनी पर हुए हमले में नए खुलासे हुए हैं। भाजपा नेता ने खुद बताया कि गोलियां चलाने वालों ने किस तरह पहले रेकी की और फोन पर ऑडियो मैसेज भेज कर कैसे उन्हें धमकियां देकर 2 करोड़ की रंगदारी मांगी गई। वहीं, विजय सोनी ने गुरदासपुर पुलिस के रवैये के खिलाफ नाराजगी भी जताई। बता दें, मंगलवार रात को विजय सोनी के पेट्रोल पंप पर मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हालांकि, भाजपा नेता ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग खड़े हुए। बाइक पर आए हमलावरों ने की फायरिंग
घटना की आपबीती बताते हुए भाजपा नेता विजय सोनी ने कहा कि वे रात को करीब 9:30 बजे अपने पेट्रोल पंप पर बैठे रोजाना का हिसाब-किताब ले रहे थे। तभी एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आए। पहले तो उन्होंने पंप के एक-दो चक्कर लगाए। हमें लगा कि कोई ग्राहक होगा जो तेल डलवाने आया है। लेकिन अचानक उन्होंने उन पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां मेरे ठीक सामने आकर लगीं। मेरा लाइसेंसी रिवाल्वर पास ही बैग में रखा था। तुरंत उसे उठाया और भागते हुए हमलावरों पर जवाबी फायर किए। लेकिन, हमलावर करीब 7 से 8 राउंड गोलियां चलाकर भाग गए। गाड़ी को चीरते हुए सीटों के आर-पार हुई गोलियां
विजय सोनी ने बताया कि हमलावरों की नीयत उन्हें जान से मारने की ही थी। गोलियां उनकी गाड़ी को चीरती हुई सीटों के आर-पार निकल गईं। अगर वे वक्त रहते न संभलते तो बड़ा हादसा हो सकता था। भाजपा नेता ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें पिछले दो दिनों से विदेशी नंबरों से कॉल आ रहे थे, जिन्हें व्यस्त होने के कारण वे अटेंड नहीं कर पाए थे। ऑडियो मैसेज में ये दी धमकियां
सोनी ने बताया कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद एक ऑडियो रिकॉर्डिंग और धमकी भरा संदेश भेजा है। संदेश में लिखा गया है तूने जो केंद्रीय मंत्री सरदार रवनीत सिंह बिट्टू का पल्ला पकड़ा है, हम तुझे उसी भाजपा के झंडे में लपेटकर भेजेंगे। हमलावरों ने भाजपा नेता के बच्चों की रेकी करने का दावा करते हुए पूछा कि उनके बच्चे कहां पढ़ते हैं और कहां घूमते हैं। उन्होंने कहा कि तेरे पास बहुत पैसा है, इसलिए 2 करोड़ रुपये की फिरौती तैयार रख। पुलिस डीवीआर ले गई, लेकिन सुरक्षा का कोई भरोसा नहीं
विजय सोनी ने राज्य की कानून-व्यवस्था और मौजूदा सरकार पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वारदात के बाद पुलिस आई और जांच के लिए पंप का सीसीटीवी डीवीआर अपने साथ ले गई है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि घटना के बाद एसएसपी या किसी बड़े प्रशासनिक अधिकारी ने उनकी सुध नहीं ली, केवल डीएसपी का एक-दो बार फोन आया था, लेकिन वे भी मौके पर नहीं पहुंचे। पूरे परिवार में सहम का माहौल है।
इलाके के बिगड़ रहे हालात-सोनी
विजय सोनी ने कहा कि कलानौर में अभी दो दिन पहले ही बम ब्लास्ट और गोली चलने की घटना हुई है। डेरा बाबा नानक में लगातार कत्ल हो रहे हैं और अपराधी जमानत पर बाहर आ जाते हैं। पंजाब में नशा और क्राइम इस कदर बढ़ गया है कि व्यापारी वर्ग बिल्कुल भी महफूज नहीं है। भाजपा पंजाब प्रधान ने बढ़ाया हौसला
विजय सोनी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और खुद केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का उन्हें फोन आया। दोनों नेताओं ने उन्हें सांत्वना देते हुए कहा कि पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है और उन्हें घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वे भाजपा के सिपाही हैं और पार्टी के साथ खड़े रहेंगे। एसपी बोले जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
बटाला पुलिस के एसपी संदीप वडेहरा ने बताया कि घटना के संबंध में थाना कोटली सूरत मल्ली में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

