फरीदकोट में चलती ट्रेन से गिरकर व्यक्ति की मौत: पहचान नहीं, दरवाजे पर बैठते समय असंतुलित होकर गिरा, सीधे ट्रेन के नीचे आया – Faridkot News
फरीदकोट जिले के तहत आते रोमाना अलबेल सिंह रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक चलती ट्रेन के दरवाजे से अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण नीचे गिरे एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय रेलवे पुलिस ने एक समाजसेवी संस्था के सहयोग से शव को अपने कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की भनक लगते ही जैतो रेलवे चौकी के इंचार्ज गुरमीत सिंह, एएसआई पवन कुमार और हेड कांस्टेबल लखवीर सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम की निगरानी में समाजसेवी संस्था के सदस्यों ने शव को ट्रैक से उठाकर सिविल अस्पताल जैतो पहुंचाया। दरवाजे पर बैठने की कोशिश के दौरान बिगड़ा संतुलन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अज्ञात व्यक्ति चलती ट्रेन के दरवाजे पर बैठने का प्रयास कर रहा था, लेकिन अचानक पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ जाने के कारण वह नीचे गिर गया और सीधे ट्रेन की चपेट में आ गया। रोमाना अलबेल सिंह रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर की सूचना पर ‘चढ़दी कला वेलफेयर सेवा सोसायटी जैतो’ के सदस्य मीत सिंह मीता और गोरा औलख अपनी टीम के साथ एंबुलेंस लेकर तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। पहचान के लिए 72 घंटे शवगृह में रखा गया शव इंचार्ज, जैतो रेलवे पुलिस चौकी गुरमीत सिंह ने बताया कि मृतक के पास से ऐसा कोई भी पहचान पत्र, मोबाइल या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है जिससे उसका नाम या पता मालूम किया जा सके। मृतक की शिनाख्त न होने के कारण शव को पहचान के लिए आगामी 72 घंटों तक सिविल अस्पताल जैतो के शवगृह (मर्चुरी) में रखवा दिया गया है। रेलवे पुलिस ने आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की तस्वीरें साझा कर उसकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं, ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके।
Source link

