लिव-इन रिलेशन के विवाद में घर पर हमला, युवक घायल: हथियारबंद हमलावरों ने घर में जमकर की तोड़फोड़, 16 लोगों पर केस दर्ज – Moga News

लिव-इन रिलेशन के विवाद में घर पर हमला, युवक घायल:  हथियारबंद हमलावरों ने घर में जमकर की तोड़फोड़, 16 लोगों पर केस दर्ज – Moga News




मोगा के पुराना मोगा इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप के विवाद को लेकर एक घर पर करीब दर्जन भर से अधिक हथियारबंद युवकों और महिलाओं द्वारा जानलेवा हमला करने और तोड़फोड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस खूनी हमले में गौरव गर्ग नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नाजुक हालत के चलते फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वारदात के दौरान हमलावर युवक के गले से करीब 2 तोले की सोने की चेन भी लूटकर फरार हो गए। भाई के लिव-इन रिलेशन को लेकर रखते थे रंजिश यह वारदात 26 मई की रात को पुराना मोगा स्थित गौरव गर्ग के घर पर हुई। पीड़ित गौरव ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसका भाई सौरभ गर्ग एक लड़की के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहता है। इसी बात को लेकर कथित आरोपी उनके परिवार से रंजिश रखते थे। घटना की रात आरोपी मारू हथियारों, लोहे की रॉड्स और तेजधार खंडों से लैस होकर उनके घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। परिवार को कमरे में बंद कर खुद आगे आया गौरव, हमलावरों ने ढाया कहर घर पर खतरा मंडराता देख गौरव गर्ग ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने परिवार के सदस्यों को सुरक्षित एक कमरे में बंद कर दिया और खुद मुख्य गेट पर खड़ा हो गया। हालांकि, बेखौफ हमलावरों ने गेट तोड़कर घर के भीतर प्रवेश कर लिया। घर में घुसते ही उन्होंने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए और सौरभ गर्ग का पता पूछने लगे। गौरव द्वारा भाई के बारे में बताने से इनकार करने पर हमलावरों ने उस पर तेजधार खंडे से जानलेवा वार करने की कोशिश की। हमले में शामिल महिलाओं ने भी गौरव के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इसके बाद एक हमलावर ने लोहे की रॉड से सीधे गौरव के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। हमलावर उसे मृत समझकर उसके गले से 2 तोले की सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए। फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर, 5 नामजद सहित 15 पर केस दर्ज हमलावरों के जाने के बाद बंद कमरे से बाहर निकले पारिवारिक सदस्यों ने लहूलुहान गौरव को तुरंत सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज फरीदकोट रेफर कर दिया। इस मामले में थाना सिटी साउथ मोगा की पुलिस ने गौरव गर्ग की शिकायत पर चरनजीत शर्मा, पायल वैभव शर्मा, सीमा (सभी निवासी पुराना मोगा), मोंटी (निवासी अंबेडकर नगर, मोगा), गगन (निवासी मोगा) और 10 अज्ञात हथियारबंद युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। “जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे आरोपी” थाना सिटी साउथ के प्रभारी बलजिंदर कलर ने बताया कि मामले की तफ्तीश सहायक थानेदार रंजीत सिंह द्वारा अमल में लाई जा रही है। जांच अधिकारी रंजीत सिंह ने बताया कि घायल युवक गौरव गर्ग की हालत बेहद नाजुक होने और बयान देने के योग्य न होने के कारण समय पर उसकी शिकायत दर्ज नहीं की जा सकी थी। अब उसके होश में आने के बाद बयान दर्ज करके कथित हमलावरों के खिलाफ उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को काबू करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।”



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *