मोगा में नशे से युवक की मौत: पांच लोगों पर केस दर्ज, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पुलिस से कार्रवाई की मांग – Moga News
मोगा के पत्तो हीरा सिंह गांव में 23 वर्षीय आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश की संदिग्ध नशीले पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है और वे नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। डीएसपी अनवर अली और थाना प्रभारी जतिंदर सिंह ने बताया कि यह मामला पत्तो हीरा सिंह निवासी सुखविंदर सिंह पुत्र प्रीतम सिंह के बयानों पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा आकाशदीप सिंह पहले नशे का आदी था। उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के बाद वह घर लौट आया था और मजदूरी करके जीवन यापन कर रहा था। सुखविंदर सिंह के अनुसार, गांव का अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श उनके बेटे आकाशदीप को गुरुद्वारा साहिब से बुलाकर जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी के घर ले गया। आरोप है कि वहां अन्य लोगों के साथ मिलकर आकाशदीप को कोई नशीली या जहरीली वस्तु दी गई, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इलाज के दौरान मौत आकाशदीप को पहले मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे एम्स बठिंडा रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में खुलेआम ‘चिट्टा’ बेचा जा रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। पुलिस ने अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श, जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी, आकाशदीप सिंह उर्फ भूंडी, लवप्रीत सिंह उर्फ लवी और गुरमन सिंह उर्फ टाटू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

