लुधियाना में आज धारणा प्रदर्शन: सड़कों पर उतरेंगे सैंकड़ो पशु,डेयरी संचालकों ने किया हम्बड़ा रोड जाम और ज़ोन-D घेराव का ऐलान – Ludhiana News
लुधियाना में आज डेयरी संचालकों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। अपनी मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंकते हुए डेयरी संचालकों ने आज एक बेहद चौंकाने वाले और बड़े आंदोलन का ऐलान कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह 10 बजे से हम्बड़ा रोड पर पूरी तरह से चक्का जाम किया जाएगा। इतना ही नहीं इस बार का प्रदर्शन बेहद अनोखा होने वाला है क्योंकि डेयरी एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि इस आंदोलन में संचालक अकेले नहीं,बल्कि अपने सैंकड़ो दुधारू पशुओं (गायों-भैंसों) को साथ लेकर सड़कों पर उतरेंगे। हम्बड़ा रोड जाम करने के बाद यह विशाल रोष मार्च सीधे नगर निगम के ज़ोन-D कार्यालय की तरफ कूच करेगा और वहां का घेराव किया जाएगा। डेयरी एसोसिएशन द्वारा इस संबंध में प्रशासन को पहले ही लिखित चेतावनी दे दी गई थी, लेकिन कोई सुनवाई न होने के कारण अब पशुओं के साथ सड़क पर उतरने का फैसला लिया गया है। बायो-गैस प्लांट की मोटी फीस का विरोध: डेयरी संचालकों का आरोप है कि नगर निगम और प्रशासन द्वारा लगाए जा रहे बायोगैस प्लांट की फीस और मनमानी शर्तें उनके फलते-फूलते व्यवसाय को बर्बाद कर रही हैं। गोबर प्रबंधन के नाम पर चालान राज:प्रशासन द्वारा डेयरी कॉम्प्लेक्स से निकलने वाले गोबर के निपटारे को लेकर की जा रही सख्ती और आए दिन संचालकों के काटे जा रहे भारी-भरकम चालान से डेयरी मालिकों में भारी आक्रोश है। हैबोवाल और ताजनपुर कॉम्प्लेक्स के साथ सौतेला व्यवहार: हैबोवाल और ताजनपुर डेयरी कॉम्प्लेक्स के संचालकों का सीधा आरोप है कि प्रशासन उन्हें सीवरेज, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह नाकाम रहा है, लेकिन टैक्स और बेवजह के जुर्माने थोपने में सबसे आगे है। एसोसिएशन की सीधी चेतावनी: जब तक प्रशासन हमारी मांगों पर कोई ठोस और लिखित फैसला नहीं लेता, तब तक यह चक्का जाम और ज़ोन-D का घेराव खत्म नहीं होगा। अगर शहर की कानून-व्यवस्था बिगड़ती है या सड़कों पर पशुओं के कारण कोई स्थिति पैदा होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम और जिला प्रशासन की होगी। यात्रियों के लिए सलाह: आज सुबह 10 बजे के बाद हम्बड़ा रोड और ज़ोन-D (सराभा नगर) की तरफ जाने वाले रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम लग सकता है, इसलिए घर से निकलने से पहले वैकल्पिक रास्तों का चुनाव करें।
Source link

