पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: कल हर विधानसभा में सड़क पर उतरेंगे कांग्रेसी, पार्टी के सभी संगठन होंगे शामिल – Ludhiana News
पंजाब में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्य सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूरे प्रदेश में विधानसभा स्तर पर कल यानि शनिवार को रोष प्रदर्शन करने का फैसला किया है। इस प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदर्शन में कांग्रेस के सहयोगी संगठन भी हिस्सा लेंगे। छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI), महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और सेवा दल के कार्यकर्ता हर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों पर उतरकर दोनों सरकारों के खिलाफ नारेबाजी करेंगे और पुतले फूंकेंगे। पिछले 10 दिनों में 4 बार बढ़े दाम कांग्रेस के जिला लुधियाना के प्रधान संजय तलवाड़ का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के उतार-चढ़ाव और हालिया वैश्विक संकट का बहाना बनाकर आम जनता की जेब पर सरेआम डाका डाला जा रहा है। देश में पिछले चार साल से तेल की कीमतें लगभग स्थिर थीं, लेकिन तेल कंपनियों ने अचानक खेल शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि कंपनियों ने ईंधन के दामों में जो बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू किया, वह लगातार जारी है। महज 10 दिनों के भीतर ईंधन की कीमतों में तीन बार की जा चुकी है। तलवाड़ ने कहा कि हाल ही में पेट्रोल के दामों में ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल के दामों में ₹2.71 प्रति लीटर का बड़ा इजाफा किया गया है। इन तीन किश्तों को मिलाकर पेट्रोल और डीजल अब तक ₹7.50 प्रति लीटर से ज्यादा महंगा हो चुका है। मोहाली, लुधियाना और जालंधर जैसे शहरों में डीजल की कीमत ₹95 प्रति लीटर और पेट्रोल 100 रुपए के पार हो गया है। कांग्रेस के सभी विंग संभालेंगे मोर्चा विधानसभा स्तर पर होने वाले इन प्रदर्शनों को धार देने के लिए कांग्रेस ने अपनी सभी इकाइयों को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। रसोई के बजट के बिगड़ने और चौतरफा महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता चूल्हा फूंककर और खाली सिलेंडर लेकर प्रदर्शन करेंगी। युवाओं और छात्रों का यह विंग मोटरसाइकिल और गाड़ियों को रस्सियों से खींचकर मार्च निकालेगा, ताकि यह दिखाया जा सके कि आम आदमी के लिए गाड़ी चलाना अब मुमकिन नहीं रहा। सेवा दल के कार्यकर्ता पूरी अनुशासित कतारों में बैनर और तख्तियां लेकर बाजारों में रोष मार्च निकालेंगे। पंजाब सरकार पर ₹5 VAT घटाने का भारी दबाव कांग्रेस इस प्रदर्शन के जरिए दोहरा निशाना साध रही है। एक तरफ जहां वह केंद्र सरकार की नीतियों को घेर रही है, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार पर पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट (VAT) को कम करने का दबाव बना रही है। पंजाब में 1 जून से धान की बुआई का सीजन शुरू हो रहा है। ऐसे में डीजल की कीमतों में प्रति लीटर ₹7.50 से ज्यादा की बढ़ोतरी ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। खेती का इनपुट कॉस्ट (लागत) बढ़ गया है। ट्रांसपोर्टर्स भी किराए बढ़ाने की बात कर रहे हैं, जिससे फल, सब्जियां और राशन जैसी रोजाना की चीजें और महंगी हो जाएंगी। कांग्रेस मांग कर रही है कि पंजाब सरकार तुरंत डीजल पर वैट कम करके ₹5 प्रति लीटर की राहत दे। हालांकि, पहले से ही वित्तीय घाटे से जूझ रही मान सरकार के लिए टैक्स घटाना एक बड़ा आर्थिक संकट (करीब ₹1,650 करोड़ का सालाना नुकसान) बन सकता है। अब देखना होगा कि कांग्रेस के इस चौतरफा विधानसभा स्तरीय प्रदर्शन के आगे सरकार क्या कदम उठाती है।
Source link

