अबोहर में ढोंगी बाबा का कारनामा: सम्मोहित कर कार मैकेनिक से 4 हजार रुपये ठगे, लोगों ने पकड़कर पुलिस की धमकी दी तो लौटाए – Abohar News
फाजिल्का के अबोहर के हनुमानगढ़ रोड पर एक व्यक्ति ने साधु का वेश धारण कर एक कार मैकेनिक से 4 हजार रुपये ठग लिए। हालांकि, स्थानीय लोगों ने समय रहते आरोपी को पकड़ लिया, जिसके बाद उसने ठगी गई रकम वापस लौटा दी। यह घटना 28 मई को दोपहर के समय हुई। जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़ रोड पर कार मैकेनिक राम प्रताप अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। दोपहर के समय साधु वेश में एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और भिक्षा मांगी। मैकेनिक ने उसे 10 रुपये दिए। इसके बाद बाबा ने राम प्रताप को रुद्राक्ष देकर आशीर्वाद देने और उनकी परेशानियां दूर करने का झांसा दिया। पानी पीने के बहाने दुकान पर आया तो पड़ी नकदी पर नजर बाबा पानी पीने के बहाने दुकान के अंदर चला गया। वहां उसने बातों में उलझाकर दुकान में रखी 4 हजार रुपये की नकदी पर नजर डाल ली। पीड़ित राम प्रताप के अनुसार, बाबा ने उन्हें सम्मोहित जैसा कर दिया और देखते ही देखते रुपये लेकर वहां से चला गया। पुलिस को हवाले करने को कहा तो ठगी की रकम लौटाई कुछ देर बाद जब एक ग्राहक ने राम प्रताप से बातचीत की तो उन्होंने पूरी घटना बताई। इसके बाद लोगों ने बाबा की तलाश शुरू की और कुछ दूरी पर ही बाबा को पकड़ लिया। लोगों ने बाबा को पुलिस के हवाले करने की बात कही, जिसके बाद उसने तुरंत ठगी गई रकम वापस लौटा दी। आरोपी ने खुद को मलोट का रहने वाला बताया। इस घटना के बाद इलाके में ऐसे ढोंगी बाबाओं से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
Source link

