लुधियाना में फैक्ट्री मजदूर बना करोड़पति: फैक्ट्री में 12 घंटे सिलाई करने वाले दिनेश की बदली किस्मत,3 करोड़ जीता – Ludhiana News
लुधियाना कहते हैं कि किस्मत बदलते देर नहीं लगती और जब ऊपर वाला देता है, तो छप्पर फाड़ कर देता है। ऐसा ही कुछ सच हुआ है लुधियाना में कपड़ों की सिलाई (टेलरिंग) का काम करने वाले एक साधारण से युवक के साथ। मूल रूप से बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के रहने वाले दिनेश कुशवाहा की किस्मत रातों-रात ऐसी बदली कि वह सीधे करोड़पति बन गए। दिनेश ने सिक्किम स्टेट लॉटरी में पूरे 3 करोड़ रुपये का बंपर इनाम जीता है। दिनेश कुशवाहा पिछले करीब 15 सालों से लगातार अपनी किस्मत आजमा रहे थे और नियमित रूप से लॉटरी का टिकट खरीद रहे थे। बीते 16 मई को सिक्किम स्टेट लॉटरी का ड्रॉ निकाला गया था, जिसमें दिनेश के टिकट नंबर 999327 ने पहला इनाम यानी 3 करोड़ रुपये का बंपर जैकपॉट अपने नाम किया। आज जब दिनेश अपना विजेता टिकट लेकर लुधियाना के प्रसिद्ध घंटा घर चौक स्थित भनोट एंटरप्राइजेज के आउटलेट पर पहुंचे तो वहां उनका ढोल-नगाड़ों और फूलों के हार पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। भनोट एंटरप्राइजेज के आउटलेट से ही दिनेश ने यह टिकट 16 मई को 500 का ही खरीदा था। दुकान के प्रमुख ने बताया कि इनाम की राशि पाने के लिए आगे की कागजी और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फैक्ट्री में करते थे 12 घंटे सिलाई का काम विजेता दिनेश कुशवाहा ने बातचीत करते हुए बताया कि वह एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं और लुधियाना की एक स्थानीय फैक्ट्री में रोजाना 12-12 घंटे सिलाई और स्टिचिंग का काम करके अपने परिवार का पेट पालते थे। दिनेश के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं जब दिनेश से पूछा गया कि वह इन पैसों का क्या करेंगे, तो उन्होंने भावुक होते हुए कहा मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि इतनी बड़ी रकम मेरे हाथ लगेगी। मैं पिछले 10 से 15 सालों से लॉटरी डाल रहा था। अब इन पैसों को कहां और कैसे इस्तेमाल करना है, इसका फैसला मैं अपने घर जाकर पूरे परिवार के साथ बैठकर लूंगा। इस इनाम ने मेरे बच्चों के भविष्य और परिवार की दिक्कतों को हमेशा के लिए दूर कर दिया है।
Source link

