बरनाला में नशे के ओवरडोज से युवक की मौत: श्मशानघाट के पास मिला शव, लोगों का आरोप- यहां है नशेडि़यों का अड्डा, पुलिस कार्रवाई नहीं करती – Barnala News

बरनाला में नशे के ओवरडोज से युवक की मौत:  श्मशानघाट के पास मिला शव, लोगों का आरोप- यहां है नशेडि़यों का अड्डा, पुलिस कार्रवाई नहीं करती – Barnala News




पंजाब में नशे का डंक लगातार हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ रहा है। ताजा मामला बरनाला जिले के अंतर्गत आते कस्बा भदौड़ से सामने आया है, जहाँ नशे की ओवरडोज के कारण एक 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक का शव कस्बे के ही मोहल्ला बड़े कौड़ियां स्थित श्मशानघाट परिसर से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान भदौड़ निवासी लखवीर सिंह के रूप में हुई है। श्मशानघाट में शव देख भड़के लोग, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई श्मशानघाट परिसर में युवक का शव पड़े होने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। थाना भदौड़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। 4 साल से दलदल में था युवक, पीछे छोड़ गया 3 मासूम बच्चे मृतक लखवीर सिंह के परिजनों ने रोते हुए बताया कि वह पिछले करीब चार वर्षों से नशे की गंभीर गिरफ्त में था। परिवार ने उसे इस दलदल से निकालने के लिए कई बार समझाने और इलाज करवाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन नशा उस पर इस कदर हावी था कि वह इसे छोड़ नहीं सका। लखवीर सिंह विवाहित था और उसकी मौत के बाद उसकी दो मासूम बेटियां और एक छोटा बेटा अनाथ हो गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। “जिस बात का डर था, अंततः वही हुआ” — बेबस पिता का दर्द लखवीर के पिता बूटा सिंह ने सुबकते हुए बताया कि उन्होंने अपने बेटे का घर बचाने के लिए उसे नशा छोड़ने की कई बार मिन्नतें की थीं। उन्होंने कहा, “हमें हर पल यही डर सताता रहता था कि नशा किसी दिन हमारे बेटे की जान न ले ले, और अंततः वही हुआ जिसका हमें डर था।” उन्होंने पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन से रोते हुए मांग की कि इलाके में बिक रहे नशे पर तुरंत और सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि किसी और मां-बाप का बुढ़ापे का सहारा न छिने। स्थानीय लोगों का आरोप: श्मशानघाट बना नशेड़ियों का अड्डा स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए कहा कि श्मशानघाट परिसर में अक्सर कुछ युवक बैठकर खुलेआम नशा करते हैं। इस बारे में पहले भी कई बार चिंता जताई गई थी। लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त के बावजूद कुछ युवक चोरी-छिपे यहाँ आकर नशे का सेवन करते हैं, जिस पर पूरी तरह नकेल कसना बेहद जरूरी है। पुलिस की अपील- नशा तस्करों के बारे में दे सूचना थाना भदौड़ के इंस्पेक्टर हरसिमरनजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति नशा बेचता है या सार्वजनिक स्थानों पर नशे का सेवन करता दिखाई देता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *