लुधियाना की दुगरी मार्केट में बुजुर्ग का हंगामा: VIP सिक्योंरिटी ने गाड़ी रोकी, पोती को आइसक्रीम दिलाने जा रहा था – Ludhiana News
लुधियाना के दुगरी मार्केट में बीती रात उस समय हंगामा हो गया जब अपनी पोती को आइसक्रीम दिलाने जा रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति को VIP स्कोट पुलिस कर्मियों ने आगे जाने से रोक दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार किसी प्रशासनिक अधिकारी के दुगरी मार्केट स्थित एक शोरूम में आने के चलते इलाके में पुलिस तैनात थी। इसी दौरान हेल्पफुल एनजीओ वेलफेयर सोसायटी के दीपक गर्ग अपनी पोती के साथ कार में मार्केट पहुंचे। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उनकी गाड़ी को आगे जाने से रोक दिया। पुलिस कर्मी बोले-आगे डी.सी साहिब आए है,यही रोके गाड़ी दीपक गर्ग ने बताया कि उन्होंने पुलिस कर्मचारियों से पूछा कि उन्हें आगे क्यों नहीं जाने दिया जा रहा। इस पर पुलिस कर्मियों ने कहा कि आगे डीसी साहिब आए हुए हैं, इसलिए किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया जा रहा। दीपक ने कहा कि उनके पैर में रॉड पड़ी हुई है और वह ज्यादा दूर पैदल नहीं चल सकते। उन्होंने पुलिस कर्मियों को अपनी परेशानी भी बताई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सीनियर सिटीजन होने के बावजूद उनके साथ ठीक व्यवहार नहीं किया गया जबकि दीपक ने कहा कि डी.सी हिमांशू जैन खुद उनकी सोसायटी के सदस्य है। दीपक के मुताबिक जब उन्होंने घटना की वीडियो बनानी शुरू की, तब जाकर पुलिस कर्मियों ने उनकी गाड़ी को आगे जाने दिया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Source link

