NRI बोली- SGPC मेंबर ससुर ने संबंध बनाने को कहा: बेटा न होने पर पति को भड़काया; ससुर बोले- मेरी उम्र 76 साल, बहू बेटी समान – Jalandhar News
जालंधर में NRI बहू ने SGPC मेंबर ससुर पर आरोप लगाए।
कनाडा में रहने वाली NRI बहू ने SGPC मेंबर ससुर पर शारीरिक शोषण के आरोप लगाए हैं। NRI बहू का कहना है कि बेटा पैदा कर वंश बढ़ाने के दबाव में उसकी जिंदगी बर्बाद की जा रही है। यहां तक कि ससुर ने उसके पति को भी भड़का दिया। 2 बेटियों के बाद बेटा पैदा न होने
.
उसका पति उसे इंडिया छोड़कर चला गया। इसके बाद ससुर उसे परेशान करने लगा। यहां तक कि ससुर ने उसे शारीरिक संबंध के लिए भी ऑफर दिया। वहीं SGPC मेंबर रणजीत सिंह काहलों ने इन सभी आरोपों को निराधार और झूठा बताया। उन्होंने कहा कि मेरी उम्र 76 साल है। बहू मेरी बेटी समान है। यह सब संपत्ति हड़पने की साजिश है।
महिला ने कहा कि पंजाब बुलाकर उसे पागल करने की साजिश रची गई थी।
महिला ने बताई पूरी कहानी:-
- शादी के बाद 2 बेटियां हुईं, कोई दिक्कत नहीं थी: कनाडा की परमानेंट सिटीजन रघुबीर कौर ने एक निजी होटल में प्रेस वार्ता कर बताया कि उनकी शादी करीब 17 साल पहले सुखदीप सिंह काहलों से हुई थी। कनाडा में वे अपनी दो बेटियों के साथ खुशहाल जीवन जी रही थीं। वर्ष 2010 और 2013 में बेटियों के जन्म तक उनके वैवाहिक जीवन में किसी तरह की समस्या नहीं थी।
- पति को भड़काया, फिर इंडिया बुलाया: रघुबीर कौर का आरोप है कि उनके ससुर रणजीत सिंह काहलों ने उनके पति के मन में यह धारणा बैठा दी कि ‘वंश’ आगे बढ़ाने के लिए बेटा होना जरूरी है। इसके बाद उनके पति डिप्रेशन में रहने लगे। महिला ने बताया कि फरवरी 2024 में उनके सास-ससुर ने उनके पति को भारत बुलाया।
- ससुर यहां भी भड़काते रहे, पहले से साजिश थी: इसके बाद मार्च 2024 में वह दोनों बेटियों के साथ भारत आ गईं। आरोप है कि भारत आने के बाद ससुर ने उनके खिलाफ पति को लगातार भड़काना शुरू कर दिया, जिसके चलते घर में रोजाना झगड़े होने लगे। रघुबीर कौर ने दावा किया कि उनके खिलाफ यह साजिश भारत आने से पहले ही रची जा चुकी थी।
- नौकरी ने बताया, पागल साबित करेंगे: घर की नौकरानी ने भी उन्हें सतर्क किया था कि ससुराल वाले उन्हें पागल साबित करने की योजना बना रहे हैं। महिला के अनुसार, उनके ससुर का उद्देश्य उन्हें तलाक दिलवाकर पति की दूसरी शादी करवाना है। पीड़िता का आरोप है कि अगस्त 2025 में उनके पति उन्हें भारत में अकेला छोड़कर कनाडा लौट गए।
- पति कनाडा गया तो हमें घर से निकाला: इसके बाद ससुर ने उन्हें और उनकी बड़ी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और घर से बाहर निकाल दिया। इस पारिवारिक विवाद के कारण महिला के पिता भी गहरे सदमे में चले गए हैं। महिला ने ससुर पर वंश आगे बढ़ाने के नाम पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। न्याय न मिलने पर वह अब इस मामले को श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष ले जाने की बात कह रही हैं।

पूर्व जत्थेदार रणजीत सिंह काहलों।
पूर्व जत्थेदार ने आरोपों को नकारा वहीं एसजीपीसी सदस्य रणजीत सिंह काहलों ने कहा कि उनकी बहू द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी उम्र 76 वर्ष है और वह उनकी बेटी समान है, ऐसे में इस तरह के आरोप निराधार हैं। काहलों का कहना है कि उनकी बहू उन्हें बदनाम कर संपत्ति हड़पना चाहती है।
उन्होंने आगे बताया कि महिला पहले भी पुलिस और एनआरआई विंग में शिकायतें दर्ज करवा चुकी है। उनके बेटे और पोतियां विदेश लौट चुकी हैं, जबकि बहू भारत में रहकर विवाद खड़ा कर रही है। काहलों ने कहा कि यदि वह श्री अकाल तख्त साहिब में भी शिकायत करती हैं, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, क्योंकि सच अंततः सामने आकर रहेगा।

