मोहाली में हंसराज रघुवंशी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु: ‘एक शाम भोले के नाम’ में बांधा समां; CM मान बोले-पंजाब में नहीं उगेगा नफरत का बीज – Mohali News

मोहाली में हंसराज रघुवंशी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु:  ‘एक शाम भोले के नाम’ में बांधा समां; CM मान बोले-पंजाब में नहीं उगेगा नफरत का बीज – Mohali News




सावन के पवित्र महीने में मोहाली के सेक्टर-79 स्थित दशहरा ग्राउंड में गुरुवार को ‘एक शाम भोले के नाम’ भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंजाब सरकार, पर्यटन विभाग और सनातन सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने भगवान शिव के भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। हंसराज रघुवंशी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु कार्यक्रम में हंसराज रघुवंशी ने अपने ग्रुप के साथ भगवान शिव के प्रसिद्ध भजन प्रस्तुत किए। ऐसा डमरू बजाया भोलेनाथ ने, सारा कैलाश पर्वत मगन हो गया और बम-बम लहरी जैसे भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। CM मान बोले-पंजाब एक खूबसूरत गुलदस्ता मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब एक खूबसूरत गुलदस्ता है, जिसमें हर रंग के फूल खिलते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती बहुत उपजाऊ है और यहां जो बीज बोया जाता है, वह उगता है। लेकिन पंजाब में नफरत का बीज कभी नहीं उग सकता। मान ने कहा कि पंजाब का सामाजिक भाईचारा और ताना-बाना बेहद मजबूत है। यहां गुरुपर्व, शहीदी समागम, हनुमान जयंती, ईद और गुरु रविदास महाराज का प्रकाश पर्व सभी मिल-जुलकर मनाते हैं। यही पंजाब की असली पहचान है। 1 अगस्त से तीर्थ यात्रा योजना में जुड़ेंगे नए धार्मिक स्थल मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों के लिए चल रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के विस्तार की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि अभी बुजुर्गों को श्री अमृतसर साहिब, फतेहगढ़ साहिब, वाघा बॉर्डर और जलियांवाला बाग के दर्शन करवाए जा रहे हैं। 1 अगस्त से योजना में खाटू श्याम, सालासर धाम, वृंदावन और ऋषिकेश को भी शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन करवाने से बड़ा कोई धर्म नहीं है और इसका पूरा खर्च पंजाब सरकार उठा रही है। महिलाओं के खातों में फिर आएगी सम्मान राशि मुख्यमंत्री मान ने कहा कि 1 जुलाई को 32 लाख महिलाओं के मोबाइल पर सम्मान राशि आने का मैसेज पहुंचा था। अब 1 अगस्त को 40 लाख माताओं-बहनों के खातों में यह राशि ट्रांसफर की जाएगी। उन्होंने कहा कि 3 महीने के 1000-1500 रुपये से कोई अमीर नहीं बनता, लेकिन यह महिलाओं के सम्मान के तौर पर दिया जा रहा है। जीरो बिजली बिल का भी किया जिक्र सीएम मान ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से पूछा कि किन लोगों का बिजली बिल जीरो आ रहा है। इस पर बड़ी संख्या में लोगों ने हाथ खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का फायदा सीधे लोगों तक पहुंच रहा है। 2027 में आम आदमी पार्टी की सरकार को लेकर सवाल पूछे जाने पर भी लोगों ने हाथ उठाकर समर्थन जताया। इस पर मान ने कहा कि वह आज राजनीतिक भाषण देने नहीं आए हैं। राजनीति के लिए अलग मंच होगा, आज की शाम भगवान शिव के नाम है। 22 जिलों में पहुंचेगी शिव भक्ति मुख्यमंत्री ने बताया कि सावन के महीने में पंजाब के अलग-अलग जिलों में शिव आराधना से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रोपड़, पटियाला, अमृतसर, मुकेरियां और तलवाड़ा में कार्यक्रम हो चुके हैं। आने वाले दिनों में धूरी, बरनाला, मानसा, बठिंडा, फाजिल्का और अबोहर में भी कार्यक्रम होंगे। सरकार का उद्देश्य सावन के पवित्र महीने में पंजाब के हर जिले तक शिव भक्ति का संदेश पहुंचाना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *