डेराबस्सी में सफाई कर्मचारियों का धरना जारी: बरनाला में लाठीचार्ज के ​विरोध में प्रदर्शन, कूड़ा उठान प्रभावित, एसपी ने सुनीं समस्याएं – Mohali News

डेराबस्सी में सफाई कर्मचारियों का धरना जारी:  बरनाला में लाठीचार्ज के ​विरोध में प्रदर्शन, कूड़ा उठान प्रभावित, एसपी ने सुनीं समस्याएं – Mohali News




पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में डेराबस्सी नगर काउंसिल के सफाई कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। हड़ताल के कारण शहर भर में कूड़ा उठाने का काम पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे कई इलाकों में गंदगी के ढेर लग गए हैं और स्थानीय निवासियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आंदोलन की स्थिति का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) विक्रम बराड़, थाना डेराबस्सी के एसएचओ और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ नगर काउंसिल कार्यालय पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों और यूनियन प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं व मांगों को विस्तार से सुना।
126 कच्चे और 300 आउटसोर्स कर्मचारियों को पक्का करने की मांग यूनियन प्रतिनिधियों ने एसपी को बताया कि बरनाला में निहत्थे कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में पूरे पंजाब के सफाई सेवक एकजुट हैं। कर्मचारियों ने मांग की कि बरनाला घटना के दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही डेराबस्सी नगर काउंसिल में कार्यरत 126 कच्चे, 32 पक्के और लगभग 300 आउटसोर्स कर्मचारियों को तुरंत पक्का (नियमित) किया जाए और उनकी लंबित मांगों का स्थायी समाधान निकाला जाए। प्रशासन तक मांगें पहुंचाने का आश्वासन, शरारती तत्वों को चेतावनी एसपी विक्रम बराड़ ने कर्मचारियों से लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन चलाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी जायज़ मांगों और समस्याओं को संबंधित उच्च प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी शरारती तत्व ने आंदोलन की आड़ में शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया, तो पुलिस उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। मांगें पूरी होने तक संघर्ष रहेगा जारी कर्मचारी यूनियन के नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका यह संघर्ष इसी तरह जारी रहेगा। धरने के चलते शहर में चरमराती सफाई व्यवस्था से नागरिक परेशान हैं, वहीं पुलिस-प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *