चन्नी के धरने के बाद फरीदकोट जिला कांग्रेस का फैसला: 31 जुलाई का प्रदर्शन टला, 5 अगस्त को जुटेंगे राजा वड़िंग और बघेल – Faridkot News

चन्नी के धरने के बाद फरीदकोट जिला कांग्रेस का फैसला:  31 जुलाई का प्रदर्शन टला, 5 अगस्त को जुटेंगे राजा वड़िंग और बघेल – Faridkot News




फरीदकोट में बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के समक्ष फार्मेसी अफसर भर्ती परीक्षा विवाद को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में दिए गए धरने के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग गुट से संबंधित जिला कांग्रेस कमेटी फरीदकोट ने इसी मुद्दे पर 31 जुलाई को यूनिवर्सिटी के समक्ष प्रस्तावित धरना स्थगित कर दिया है। साथ ही 5 अगस्त को फरीदकोट दौरे पर आ रहे पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवदीप सिंह बब्बू बराड़ ने कहा कि बुधवार को दिए गए धरने के बारे में जिला कांग्रेस कमेटी के साथ किसी प्रकार का विचार-विमर्श नहीं किया गया था। इसी कारण जिला कांग्रेस उस धरने में शामिल नहीं हुई, क्योंकि जिला कांग्रेस पहले ही 31 जुलाई को अपना धरना प्रस्तावित कर चुकी थी। उन्होंने कहा कि बुधवार को हुए धरने के बाद प्रदेश नेतृत्व के साथ तालमेल बनाते हुए जिला कांग्रेस ने 31 जुलाई को प्रस्तावित धरना स्थगित करने का निर्णय लिया है। नवदीप सिंह बब्बू बोले- कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एकजुट उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एकजुट है और 5 अगस्त को फरीदकोट में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक में आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने बिना नाम लिए फरीदकोट से पूर्व विधायक किक्की ढिल्लों पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस में संगठन प्रमुख होता है और हल्का इंचार्ज का कोई पद ही नहीं है। गौरतलब है कि बुधवार को फरीदकोट के पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ‘किक्की’ ढिल्लों की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी ने बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के समक्ष फार्मेसी अफसर भर्ती परीक्षा विवाद को लेकर धरना दिया था। इस धरने में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के अलावा उनके गुट से जुड़े पंजाब कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए थे। दूसरी ओर, जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में 31 जुलाई को अलग धरना आयोजित करने की योजना बनाई थी, जिसे अब स्थगित कर दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *