डबवाली में 12वीं के स्टूडेंट से मोबाइल लूटा: पंजाब से साबरमती एक्सप्रेस से पहुंचा, पिता का इंतजार कर रहा, बाइक सवार छीनकर भागे – dabwali News
सिरसा जिले के डबवाली में बस अड्डे के पास एक गली में 17 वर्षीय छात्र से मोबाइल फोन छीनने का मामला सामने आया है। तीन बाइक सवार युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित छात्र ने इस संबंध में थाना शहर डबवाली पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, फरीदकोट निवासी 17 वर्षीय संदीप पुत्र मलकीत सिंह 12वीं कक्षा का छात्र है। वह शाम को साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन से डबवाली पहुंचा था। घटना के समय वह बस अड्डे के पास वाली गली में अपने पिता और मौसा का इंतजार कर रहा था। अपने परिजनों से बात कर रहा था छात्र रात 8:20 से 9 बजे के बीच संदीप अपने परिजनों से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक आए और झपट्टा मारकर उसका करीब 35 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित छात्र ने बताया कि वारदात के समय वह अपने पिता से फोन पर बात कर रहा था। घटना के तुरंत बाद उसने अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। पंजाब से काम के लिए आए थे छात्र के पिता संदीप के पिता मलकीत सिंह ने बताया कि वे पंजाब से डबवाली क्षेत्र में किसी काम के सिलसिले में आए थे। उनका बेटा संदीप उनसे मिलने के लिए फरीदकोट से डबवाली आया था। जब वे अपने साथियों के साथ बेटे को लेने जा रहे थे, तभी उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। पीड़ित पक्ष ने थाना शहर डबवाली में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन तक पहुंचा जा सके। इस बीच, पीड़ित छात्र का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है, जिसमें वह अपनी आपबीती सुना रहा है।
Source link

