बठिंडा में बारिश से कई इलाकों में जलभराव: सड़कों पर फैला सीवरेज का पानी और कचरा, लोग परेशान; सरकार के इंतजामों पर उठाए सवाल – Bathinda News
बठिंडा में हुई हल्की बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इससे पंजाब सरकार और नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के साथ सफाई कर्मचारियों और सीवरेज कर्मियों की हड़ताल ने हालात और खराब कर दिए हैं। सड़कों किनारे जमा सीवरेज का पानी और कचरा बारिश के साथ सड़कों पर फैल गया, जिससे गंदगी और दुर्गंध की समस्या बढ़ गई है। हल्की बारिश ने दावों की पोल खोल दी शहरवासियों का कहना है कि सरकार और नगर निगम भले ही लाखों-करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के दावे करते हों, लेकिन हल्की बारिश ने इन दावों की पोल खोल दी है। लोगों का आरोप है कि जमीनी स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस काम नहीं किया गया। शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। बारिश के बाद इन ढेरों से गंदगी और दुर्गंध फैल रही है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर में फैल रही गंदगी के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। प्रशासन इस गंभीर स्थिति को लेकर गंभीर नहीं लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन इस गंभीर स्थिति को लेकर गंभीर नहीं है और केवल दावे कर रहा है। उनका कहना है कि कूड़ा उठाने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से शहरवासियों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।
Source link

