जालंधर में ISI समर्थित BKI आतंकी गिरफ्तार: 1.3 किलो IED बरामद; पंजाब पुलिस पूछताछ जारी, सभी एंगल से हो रही जांच – Jalandhar News
पंजाब पुलिस ने सरहद पार से चलाए जा रहे आतंकवाद के नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और जालंधर देहाती पुलिस की संयुक्त टीम ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) द्वारा प्रायोजित और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जालंधर से इस मॉड्यूल के एक मुख्य आतंकी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ है। समय रहते टला बड़ा आतंकी हमला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह आतंकी मॉड्यूल विदेशों में बैठे अपने आकाओं (हैंडलर्स) के इशारों पर काम कर रहा था। गिरफ्तार किए गए आरोपी के पास से 1.3 किलोग्राम हाई एक्सप्लोसिव से भरा एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) मिला है। इस आईईडी में लोहे के छर्रे और बॉल बेयरिंग भी पैक किए गए थे। विस्फोटक की बनावट और मात्रा से यह साफ जाहिर होता है कि आतंकी पंजाब में किसी बड़े और हाई-इम्पैक्ट वाले हमले की साजिश रच रहे थे। इस समय रहते की गई कार्रवाई से राज्य की शांति भंग करने की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है और दर्जनों निर्दोष लोगों की जानें बच गई हैं। एफआईआर दर्ज, बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जालंधर देहाती के थाना पतारा में भारतीय न्याय संहिता (BNS), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और असला कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य इस पूरे आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करना है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है किविदेशों में बैठे कौन से हैंडलर्स इस साजिश के पीछे थे। इसके अलावा आरोपी को स्थानीय स्तर पर किसने मदद या लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराया। और जो विस्फोटक की डिलीवरी कहां से हुई थी और इसे कहां इस्तेमाल किया जाना था। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वे राज्य से आतंकवाद और संगठित अपराध के पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। राज्य में शांति, सुरक्षा और जन-सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसी सतर्कता और सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Source link

