कैबिनेट मंत्री के गांव कटारूचक्क में भी ED की दस्तक: लाल चंद के करीबी के घर पहुंची ईडी की टीम ने खंगाले दस्तावेज, पठानकोट में 16 घंटे चली जांच – Pathankot News
वीरवार सुबह पठानकोट पहुंची ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने जिला के 5 स्थानों में 16 घंटे जांच की। दिन के समय ईडी की टीमों ने पठानकोट के 2 बड़े स्टोन क्रशर कारोबारियों के घर, दफ्तर व क्रशर यूनिटों और तारागढ़ के एक प्रॉपर्टी डीलर एवं पूर्व सरपंच के घर समेत कुल 5 ठिकानों पर रेड की। इस दौरान टीमों ने दिन भर लेन-देन, इंपोर्ट-एक्सपोर्ट और जमीनी दस्तावेजों के रिकॉर्ड खंगाले। वहीं, देर रात को ईडी की टीम कैबिनेट मंत्री लाल चंद के गांव कटारूचक्क भी पहुंची। जहां उन्होंने मंत्री के करीबी के घर पर रेड की और 1 घंटे के करीब रिकॉर्ड खंगाला। हालांकि, इस पूरे मामले पर ईडी अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किस मामले में रेड की है, इसका खुलासा नहीं किया। घरों और दफ्तरों के बाहर सीआरपीएफ रही तैनात
ईडी की यह कार्रवाई इतनी गोपनीय और सख्त थी कि छापेमारी के दौरान क्रशर मालिकों और उनके परिवार के लोगों को घर से बाहर जाने से पूरी तरह रोक दिया गया। किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने या अंदर से किसी को बाहर आने की इजाजत नहीं थी। सुरक्षा के लिए घरों और दफ्तरों के बाहर सीआरपीएफ के जवान मुस्तैद रहे। कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ईडी अधिकारियों ने दोपहर और रात का खाना भी बाहर से मंगवाकर घर के भीतर ही खाया और जांच जारी रखी।
सियाली रोड पर जोन होटल के बगल में स्थित क्रशर कारोबारी के दफ्तर को भी ईडी ने अपने शिकंजे में ले लिया। जब मीडिया ने दफ्तर के भीतर जाकर अधिकारियों से बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार करते हुए दफ्तर का दरवाजा बंद कर दिया। इस जांच टीम में महिला अधिकारी भी शामिल थीं।
इन ठिकानों पर मुख्य रूप से हुई कार्रवाई
ईडी का मुख्य निशाना शहर के सियाली रोड और शाह कॉलोनी स्थित 2 बड़े क्रशर कारोबारी रहे। इसके साथ ही कारोबारियों के नरोट जैमल सिंह और दतियाल स्थित स्टोन क्रशरों पर भी छापेमारी कर रिकॉर्ड की जांच की गई। इसके अलावा, तारागढ़ में एक प्रॉपर्टी डीलर के घर पर भी रेड की गई, जो पहले कांग्रेस में था और आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर ‘आप’ में शामिल हो गया था।
कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क के गांव भी पहुंची ईडी की टीम
तारागढ़ में ‘आप’ के पूर्व सरपंच के यहां रिकॉर्ड खंगालने और पूछताछ करने के बाद, ईडी की टीम शाम को फोर्स के साथ पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क के गांव कटारूचक्क पहुंच गई। टीम ने वहां पहुंचकर पूर्व सरपंच के एक रिश्तेदार और करीबी से पूछताछ में जुट गई। गौरतलब है कि ये लोग आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं और कैबिनेट मंत्री के नजदीकी माने जाते हैं।
ईडी की इस बड़ी कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर पूरी गोपनीयता बरती गई। इस बारे में जब एसएसपी पठानकोट दलजिंदर सिंह ढिल्लों से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि ईडी एक केंद्रीय संस्था है और इस छापेमारी के संबंध में स्थानीय पुलिस को किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
Source link

