पीआरटीसी हड़ताल का असर, यात्री परेशान: रायकोट बस स्टैंड पर घंटों करना पड़ा बसों का इंतजार, निजी वाहनों का लेना पड़ा सहारा – Jagraon News
पीआरटीसी के कच्चे कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ दिखाई देने लगा है। गुरुवार को लुधियाना जिले के रायकोट बस स्टैंड पर सरकारी बसों की कमी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी में महिलाएं, बुजुर्ग, छात्र-छात्राएं और नौकरीपेशा लोग घंटों तक बसों का इंतजार करते रहे, जिससे उनमें नाराजगी देखी गई। आमतौर पर यात्रियों की भीड़ से गुलजार रहने वाला रायकोट बस स्टैंड गुरुवार को काफी सूना नजर आया। हड़ताल के चलते सरकारी बसों का संचालन लगभग ठप रहा और इक्का-दुक्का बसें ही सड़कों पर दिखाई दीं। इसके कारण कई यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए निजी बसों, टैक्सियों और अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ा। जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ा। कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई बस स्टैंड पर इंतजार कर रही महिलाओं ने बताया कि वे लंबे समय से बस का इंतजार कर रही हैं, लेकिन न तो समय पर बसें मिल रही हैं और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। उनका कहना था कि हड़ताल का सबसे अधिक खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। यात्रियों ने पंजाब सरकार और पीआरटीसी प्रबंधन से मांग की कि कर्मचारियों की जायज मांगों का जल्द समाधान कर हड़ताल समाप्त कराई जाए। लोगों को हो रही परेशानी उन्होंने सरकारी बस सेवा को तुरंत सुचारु करने की अपील की, ताकि रोजाना सफर करने वाले लोगों को राहत मिल सके। बस स्टैंड पर घंटों इंतजार करते यात्रियों की तस्वीरें हड़ताल के वास्तविक असर को बयां करती नजर आईं। बस स्टैंड में बसों का इंतजार कर रही महिलाओं ने कहा कि झगड़ा सरकार और कर्मचारियों के बीच है, लेकिन सजा आम लोगों को भुगतनी पड़ रही है।
Source link

