राम मंदिर में चंदा चोरी मुद्दे पर कांग्रेस ने घेरी केंद्र प्रवक्ता बोले- सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो जांच – Amritsar News
.
हिमाचल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर रविवार को अमृतसर पहुंचे। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर चंदा-चढ़ावा चोरी से जुड़े मुद्दे पर केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। इस मौके पर उनके साथ पूर्व विधायक सुनील दत्ती और शहरी कांग्रेस कमेटी प्रधान सौरभ मदान मिट्ठू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
राठौर ने कहा कि कांग्रेस इस गंभीर मुद्दे पर पूरे देश में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है, क्योंकि यह मामला करोड़ों लोगों की अटूट आस्था से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के चंदे, वित्तीय लेन-देन और चढ़ावे के इंतजाम को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, इसके बावजूद केंद्र सरकार ने पूरी तरह से मौन धारण कर रखा है। राठौर ने कहा कि पूरे मामले की जांच माननीय सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी मंदिर निर्माण से जुड़े हर बड़े इवेंट में खुद आगे रहे हैं, इसलिए अब उन्हें देश के सामने अपना स्टैंड साफ करना चाहिए। पंजाब की राजनीति पर बात करते हुए राठौर ने कहा कि हिमाचल और पंजाब के रिश्ते हमेशा से बेहद मजबूत और भाईचारे वाले रहे हैं। वे पंजाब के राजनीतिक हालात पर लगातार नजर रख रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता मौजूदा सरकार से परेशान हो चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को वापसी कराएगी।

