शिव सैना पंजाब के चेयरमेन टंडन सहित 2 पर FIR: वायरल वीडियो पर विवाद, सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप – Ludhiana News
लुधियाना में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत होने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर थाना लाडोवाल पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में भवनदीप सिंह निवासी गांव सिधवां कलां, जगराओं (लुधियाना) ने बताया कि वह अन्य सिख जत्थेबंदियों के साथ लाडोवाल टोल प्लाजा पर एकत्र हुए थे। इसी दौरान उन्हें एक वायरल वीडियो की जानकारी मिली। पवित्र ककारों के संबंध में आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों कहे शिकायतकर्ता के अनुसार यह वीडियो पवन मान, शिव सैना पंजाब के राष्ट्रीय चेयरमैन राजीव टंडन और भानु प्रताप द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। आरोप है कि वीडियो में सिख समुदाय और सिख धर्म के पवित्र ककारों के संबंध में आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में कहा गया है कि वीडियो में की गई टिप्पणियों से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। साथ ही आरोप लगाया गया कि इस तरह की टिप्पणियों से दो समुदायों के बीच वैमनस्य (भड़काने) और तनाव फैलाने की साजिश रची गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता तथा अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
Source link

