100-फुटी रोड होटल में छत्तीसगढ़ के युवक की मौत: बीती रात फ्लाइट से आया था अमृतसर, जांच में जुटी पुलिस – Amritsar News
अमृतसर के 100 फुटी रोड स्थित होटल फोर सीजन में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही थाना बी-डिवीजन पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से युवक का शव बरामद कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक मृतक की पहचान संदीप सिंह, पुत्र सुरिंदर सिंह, निवासी छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संदीप सिंह शनिवार देर रात फ्लाइट से अमृतसर आया था। अपने मामा के बेटे के साथ होटल के कमरे में ठहरा था। दोनों रात करीब 1 से 1:30 बजे कमरे में पहुंचे और सो गए। आज रविवार दोपहर जब मामा का बेटा उठा तो उसने देखा कि संदीप सिंह कोई हरकत नहीं कर रहा था। इसके बाद होटल प्रबंधन को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारी ने बताया कि कमरे की जांच के दौरान मृतक के शरीर पर किसी तरह की चोट या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने बताया कि फिलहाल जांच में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है जिससे यह कहा जा सके कि युवक ने किसी प्रकार का नशा किया था। इस संबंध में अभी तक कोई ठोस बयान या साक्ष्य भी नहीं मिले हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजन छत्तीसगढ़ से अमृतसर पहुंच रहे हैं। उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Source link

