फरीदकोट में नगर काउंसिल पर AAP का कब्जा: पार्टी बगावत के बाद भी कांग्रेस समर्थन से बना अध्यक्ष, डिप्टी मेयरों का चुनाव टला – Faridkot News
फरीदकोट नगर काउंसिल के अध्यक्ष (प्रधान) पद को लेकर शुक्रवार को हुआ सियासी ड्रामा आम आदमी पार्टी (AAP) की जीत के साथ संपन्न हुआ। काउंसिल के नवनिर्वाचित हाउस की विशेष बैठक में ‘आप’ के पार्षद बलजिंदर सिंह बब्बू आहूजा को फरीदकोट नगर काउंसिल का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है। चुनाव के दौरान पार्टी के भीतर हुई बगावत के बावजूद कांग्रेस के पार्षदों के अप्रत्याशित समर्थन से ‘आप’ इतिहास रचने में कामयाब रही। अध्यक्ष पद के लिए हुए त्रिकोणीय मुकाबले में कुल 26 मत (25 पार्षद + 1 स्थानीय विधायक) डाले गए। इसमें AAP को 15 वोट मिले। जबकि काउंसिल के चुनाव में पार्टी के 9 पार्षद जीते थे। इस मौके पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां विशेष रूप से मौजूद रहे। चुनाव में किस उम्मीदवार को मिले कितने मत? बलजिंदर सिंह बब्बू आहूजा (आम आदमी पार्टी): 15 मत (विजेता) विकास विक्की (शिरोमणि अकाली दल): 7 मत सतनाम सिंह (आप के बागी उम्मीदवार): 4 मत
चुनाव में किस पार्टी के कितने पार्षद जीते थे आप पार्षदों की बगावत के बीच कांग्रेस ने खेला ‘मास्टरस्ट्रोक’ हाल ही में संपन्न हुए नगर काउंसिल के चुनावों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। 25 वार्डों वाले इस सदन में ‘आप’ के पास 9, कांग्रेस के पास 8, शिअद के पास 7 और 1 निर्दलीय पार्षद था। अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान ‘आप’ के 2 पार्षदों ने बगावत का बिगुल फूंकते हुए पार्टी लाइन से अलग सतनाम सिंह को मैदान में उतार दिया। इस बगावत के बाद ‘आप’ संकट में दिख रही थी, लेकिन ऐन वक्त पर कांग्रेस पार्टी के 7 पार्षदों ने ‘आप’ के आधिकारिक उम्मीदवार बलजिंदर सिंह बब्बू आहूजा के पक्ष में मतदान कर सबको चौंका दिया। स्थानीय विधायक गुरदित्त सिंह सेखों के वोट और कांग्रेस के साथ मिलने से आहूजा का आंकड़ा 15 पर पहुंच गया और उन्होंने आसान जीत दर्ज की। सीनियर उप प्रधान और उप प्रधान का चुनाव टला काउंसिल के अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होने के बाद प्रशासन द्वारा सीनियर उप प्रधान (सीनियर डिप्टी मेयर) और उप प्रधान (डिप्टी मेयर) के पदों के लिए चुनाव को फिलहाल स्थगित कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक इन दोनों महत्वपूर्ण पदों के लिए चुनाव की नई तारीखों की घोषणा आने वाले दिनों में की जाएगी। “बिना भेदभाव शहर का सर्वांगीण विकास होगा” समारोह में शामिल हुए पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष बलजिंदर सिंह बब्बू आहूजा, विधायक गुरदित्त सिंह सेखों और सभी पार्षदों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बलजिंदर सिंह बब्बू आहूजा को विपक्षी दलों (कांग्रेस) के पार्षदों का भी समर्थन मिला है, जो यह साबित करता है कि वे बेहद साफ-सुथरी छवि और बेदाग व्यक्तित्व वाले जननेता हैं। फरीदकोट में बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के पूरे शहर का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा।”
Source link

