अबोहर में 50 दिन से लापता नाबालिग का सुराग नहीं: परिवार ने थाने के बाहर शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना, किसान संगठनों-सामाजिक संस्थाओं का समर्थन – Abohar News
अबोहर के गोबिंद नगरी में एक नाबालिग लड़की के लापता होने के 50 दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार ने सिटी थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी बेटी बरामद नहीं हो जाती, वे घर नहीं लौटेंगे। परिवार के सदस्य रात में भी धरनास्थल पर डटे रहे। उनका आरोप है कि पुलिस पिछले 50 दिनों से केवल आश्वासन दे रही है, लेकिन नाबालिग को ढूंढने में विफल रही है। पुलिस ने इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। किसान संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने समर्थन दिया धरने के दूसरे दिन विभिन्न किसान संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने परिवार को समर्थन दिया। उन्होंने पुलिस से लड़की की जल्द बरामदगी की मांग की। शराब कारोबारी शिव लाल डोडा ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान भाजपा नेता शिवराज चौधरी सहित कई किसान नेताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। परिजनों ने नाराजगी व्यक्त की कि सत्ता पक्ष या विपक्ष का कोई भी जनप्रतिनिधि उनसे मिलने नहीं पहुंचा है। उन्होंने पंजाब सरकार, पुलिस के उच्च अधिकारियों और बाल सुरक्षा विभाग से मामले में गंभीरता दिखाते हुए नाबालिग की तत्काल बरामदगी की मांग की है। 22 मई को लापता हुई थी लड़की गौरतलब है कि 22 मई को गोबिंद नगरी निवासी एक नाबालिग लड़की को सीड फार्म निवासी युवक कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया था, लेकिन अब तक नाबालिग बरामद नहीं हो सकी है। क्या कहते हैं थाना प्रभारी सिटी थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि नाबालिग लड़की की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इस मामले में अब तक 12 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पंजाब के अलावा हरियाणा और राजस्थान सहित परिजनों द्वारा बताए गए सभी संभावित स्थानों पर पुलिस टीमों ने दबिश दी है। हालांकि अभी तक नाबालिग की बरामदगी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।
Source link

