फतेहगढ़ साहिब में सांप के डंसने से बच्चे की मौत: पिता की पहले हो चुकी थी मौत; दादा-दादी के पास पल रहा था – Fatehgarh Sahib News
फतेहगढ़ साहिब में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां सांप के डंसने से पौने तीन साल के एक बच्चे की मौत हो गई। भवनप्रीत सिंह नामक यह बच्चा अपने पिता की मृत्यु के बाद दादा-दादी के पास पल रहा था। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। करीब सवा साल पहले भवनप्रीत के पिता जगमीत सिंह ने घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या कर ली थी। उसकी मां पहले ही घर छोड़ चुकी थी। इसके बाद से दादा हरबंस सिंह और दादी बच्चे की देखभाल कर रहे थे। मृतक के दादा हरबंस सिंह ने बताया कि गत देर रात परिवार के चार सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे, जिनमें भवनप्रीत सिंह और उसका दूसरा पोता भी शामिल थे। रात करीब ढाई बजे भवनप्रीत अचानक जोर-जोर से रोने लगा। दादी ने उसे चुप कराने की कोशिश की, लेकिन बच्चा लगातार रोता रहा और अपनी बाजू की ओर इशारा करता रहा। बच्चे की बाजू पर दिखा सांप इसी दौरान दादा हरबंस सिंह की नींद खुली। उन्होंने कमरे की लाइट जलाई तो बच्चे की बाजू पर नीले रंग का निशान दिखा। परिवार को पहले लगा कि किसी कीड़े ने काटा होगा। बिस्तर और कपड़े हटाने पर बड़े पोते के तकिए के नीचे एक जहरीला सांप मिला, जिसके बाद घर में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत भवनप्रीत सिंह को लेकर खमाणों के अस्पताल के लिए रवाना हुए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे ने रास्ते में दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हरबंस सिंह ने बताया कि पहले उन्होंने अपने बेटे जगमीत सिंह को खोया, और फिर बहू भी घर छोड़कर चली गई। वे और उनकी पत्नी भवनप्रीत को अपने बेटे की आखिरी निशानी मानकर पाल रहे थे। इस नई त्रासदी ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है।
Source link

