पठानकोट में युवती और परिवार से ठगे 70 लाख: पीड़िता को जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकियां भी दीं, 7 नामजद – Pathankot News

पठानकोट में युवती और परिवार से ठगे 70 लाख:  पीड़िता को जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकियां भी दीं, 7 नामजद – Pathankot News




पठानकोट में एक व्यक्ति की ओर से खुद को बड़ा प्रॉपर्टी डीलर और फाइनेंसर बताकर एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका और उसके परिवार से करीब 70 लाख 20 हजार 317 रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने न सिर्फ शादी का झांसा देकर पैसे ऐंठे, बल्कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर पीड़िता को जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकियां भी दीं। एसएसपी पठानकोट की मंजूरी और पुलिस की क्राइम ब्रांच, पीबीआई तथा फॉरेंसिक टीम की गहन जांच के बाद मुख्य आरोपी और उसके 6 अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
कैसे बुना ठगी का जाल?
शिकायतकर्ता ढाकी निवासी महिला ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान कि उनकी इकलौती बेटी साल 2020 से कनाडा में रह रही है। आरोपी ने खुद को बड़ा प्रॉपर्टी डीलर और फाइनेंसर बताया और यह दावा किया कि जिला गुरदासपुर के बाटा बाजार में उसकी तीन बड़ी दुकानें हैं। उसने रिश्ता तय कर पूरे परिवार को अपने विश्वास में ले लिया।
अलग-अलग बहानों से ऐंठे लाखों रुपये
विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने परिवार को अपने प्रभाव में लिया और ठगी की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया। 12 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने अपने एक दोस्त की टांग का एक्सीडेंट होने की झूठी कहानी रची और एक प्रॉपर्टी खरीदने के नाम पर महिला की बेटी से कुल 12 लाख 51 हजार 828 रुपये ऐंठ लिए।
इसके बाद आरोपी ने महिला को झांसा दिया कि वह खुद फाइनेंसर है और उन्हें गोल्ड लोन पर हर महीने ₹35,000 ब्याज दिलवाएगा। उसने मॉडल टाउन के ज्वैलर्स के पास महिला का 5.6 ग्राम सोने का जेवर गिरवी रखवाकर ₹5 लाख का लोन लिया, जिसे उसने खुद रख लिया। उसने केवल पहली किस्त के रूप में ₹35,000 दिए और बाद में मुकर गया।
₹2 करोड़ की फर्जी प्रॉपर्टी की कहानी
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 10 दिसंबर 2025 को आरोपी ने ₹2 करोड़ की प्रॉपर्टी खरीदने का झूठा नाटक रचा। उसने 12 दिसंबर 2025 को महिला से एसबीआई बैंक डीसी दफ्तर पठानकोट से ₹2,19,57,000 और उसी दिन बजाज फाइनेंस कंपनी अमृतसर से ₹17,80,000 का लोन पास करवाया।
यह कुल ₹37 लाख 37 हजार रुपये की राशि भी आरोपी ने हड़प ली। इसके अलावा आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए। इस प्रकार कुल ₹70,20,317 की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।
फर्जी इकरारनामा और सबूत मिटाने की कोशिश
जब पीड़िता ने आरोपी से खरीदी गई प्रॉपर्टी के सबूत मांगे, तो आरोपी ने 5 जनवरी को एक फर्जी स्टांप पेपर खरीदा। उसने जमीन खरीद का एक फर्जी और जाली इकरारनामा तैयार कर उसकी फोटोकॉपी महिला के मोबाइल पर भेज दी ताकि वे शांत रहें। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगने का दबाव बनाया, तो आरोपी अपनी असलियत पर उतर आया। उसने पीड़िता के पूरे परिवार को जान से मारने और खुदकुशी कर उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकियां देना शुरू कर दिया।
आरोपी ने पिस्तौल की फोटो खींचकर कनाडा में रह रही उसकी बेटी के मोबाइल पर भी भेजी ताकि परिवार डर जाए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, जाली दस्तावेज तैयार करने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की छापेमारी शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *