पठानकोट में दिनदहाड़े घर में घुसे हथियारबंद बदमाश: परिवार ने किया मुकाबला, दरात छीनकर खदेड़ा; बाइक-चप्पल छोड़कर भागे आरोपी – Pathankot News
पठानकोट के शक्ति नगर इलाके में दिनदहाड़े दो हथियारबंद बदमाशों द्वारा एक घर में घुसकर लूटपाट का प्रयास करने का मामला सामने आया है। परिवार के सदस्यों ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों का सामना किया, जिसके बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल, चप्पलें और तेजधार हथियार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घटना दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात युवक जबरन एक घर में घुस आए और परिवार के लोगों को डराने-धमकाने लगे। उस समय मकान मालिक राम अपनी दुकान पर थे। उनके बेटे ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि कुछ लोग दरात लेकर घर में घुस आए हैं। सूचना मिलते ही राम तुरंत घर पहुंचे। इस दौरान आरोपियों ने उन पर दरात से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ और कंधे पर चोटें आईं। पीड़ित परिवार ने आरोपियों से छीना हथियार घायल होने के बावजूद राम और उनके परिवार ने साहस का परिचय देते हुए बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। परिवार ने हमलावरों के हाथ से करीब 3 फीट लंबा दरात छीन लिया। विरोध बढ़ता देख दोनों आरोपी घबरा गए और अपनी मोटरसाइकिल व चप्पलें वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से बरामद मोटरसाइकिल तथा दरात को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर स्थानीय क्षेत्र अंगूराबाद के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान कुब्बा और प्रेम के रूप में हुई है। परिवार का कहना है कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की हालत में वारदात को अंजाम देने आए थे। पुलिस को घटना की वीडियो भी सौंप दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Source link

