भवानीगढ़-सुनाम रोड पर भूसे से भरी ट्रॉली में आग: मानसा से लौट रहा था चालक, रास्त में बदमाशों द्वारा शरारत करने की आशंका – Sangrur News
पंजाब के भवानीगढ़-सुनाम मुख्य मार्ग पर स्थित गांव झनेड़ी के पास कल रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ भूसे (तूड़ी) से ओवरलोड भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक भयानक आग लग गई। इस अग्निकांड के कारण ट्रॉली चालक को लाखों रुपये का भारी-वित्तीय नुकसान झेलना पड़ा है। ट्रॉली के मालिक ने घटनाक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनका वाहन मानसा इलाके से भूसा लादकर आ रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली झनेड़ी गांव को पार कर आगे बढ़ी, तभी अचानक ट्रॉली के पिछले हिस्से से धुंआ और आग की लपटें उठने लगीं, जिसकी भनक लगते ही चालक ने तुरंत मालिक को फोन पर इस अनहोनी की सूचना दी। पीड़ित ड्राइवर ने आशंका व्यक्त की है कि यह आग स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि सड़क किनारे सक्रिय कुछ शरारती तत्वों या बदमाशों की जानबूझकर की गई घिनौनी करतूत हो सकती है। ढाबा पर रुकने को कोशिश लेकिन नुकसान के डर से मालिक किया मना आग की लपटों को बढ़ता देख ट्रॉली चालक तरसेम सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे बने एक स्थानीय ढाबे पर रोकने का प्रयास किया, ताकि वहां मौजूद पानी के पुख्ता इंतजामों से आग पर समय रहते काबू पाया जा सके। हालांकि ढाबा मालिक ने ढाबे को नुकसान पहुंचने के डर से ट्रॉली खड़ी करने की इजाजत नहीं दी और उसे वहां से हटा दिया। ढाबे पर पानी न मिल पाने और समय गंवाने के कारण हवा के झोंकों से आग पूरी तरह बेकाबू हो गई। देखते ही देखते आग की विकराल लपटों ने पूरी ट्रॉली और उसमें लदे लाखों रुपये के भूसे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सब कुछ जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया। पीड़ित चालक ने लोगों से लगाई मदद की गुहार इस भीषण अग्निकांड ने गरीब ट्रॉली चालक तरसेम सिंह के सामने रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। पीड़ित चालक तरसेम सिंह (जिनका मोबाइल नंबर 9056494055 है) ने बेहद भावुक होते हुए बताया कि इस हादसे में उनकी आजीविका का एकमात्र साधन पूरी तरह नष्ट हो गया है और वे कर्ज के बोझ तले दब गए हैं। उन्होंने समाजसेवियों, किसान जत्थेबंदियों और आम जनता से प्रशासनिक व आर्थिक तौर पर मदद की पुरजोर अपील की है, ताकि वे अपने परिवार का पेट पालने के लिए अपनी आजीविका को फिर से पटरी पर ला सकें। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से इस मामले की जांच करने और पीड़ित को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।
Source link

