पंजाब के 5 जिलों में बारिश, घरों में घुसा पानी: चंड़ीगढ़ में तेज बारिश; हिमाचल में गाड़ी पर पत्थर गिरने से लड़की की मौत – Mohali News
पंजाब के जालंधर, कपूरथला, मोहाली और गुरदासपुर में सोमवार सुबह के वक्त तेज बारिश हुई, इसके अलावा पठानकोट में बूंदाबांदी हुई। गुरदासपुर शहर में बाजार और निचले इलाकों में पानी भर गया, कई घरों में भी पानी घुस गया।
.
मोहाली के सेक्टर 70 में 20 मिनट की बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं चंड़ीगढ़ में दोपहर के वक्त तेज बारिश हुई।
मौमस विभाग के अनुसार, आज से अगले चार दिन पंजाब-चंडीगढ़ में भारी बारिश की संभावना है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह अब नॉर्मल के समान बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान 40.3 डिग्री बठिंडा में दर्ज किया गया है।
उधर, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में सुबह से हो रही बारिश के बाद पागल नाले में बाढ़ आ गई है। इससे मलबा हाईवे पर आ गया। जिसके बाद लारजी को सैंज से जोड़ने वाला हाईवे वाहनों के लिए बंद हो गया है। शिमला में सूखा पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। इसकी चपेट में चार गाड़ियां आ गई। चंबा के भरमौर में चलती गाड़ी पर पत्थर गिरने से 14 वर्षीय लड़की की मौत हो गई।
बारिश के बाद की PHOTOS…
मोहाली के सेक्टर 70 में 20 मिनट की बारिश से जलभराव।

चंडीगढ़ में दोपहर के वक्त तेज बारिश हुई।

शिमला के रिज पर क्राइस्ट चर्च के पास गिरा डंगा।

कांगड़ा में सुबह के वक्त तेज बारिश।
बिजली की डिमांड 16 हजार रविवार को गर्मी बढ़ने की वजह से बिजली की डिमांड 16 हजार मेगावाट तक पहुंच गई। शाम के पांच बजे तक डिमांड 15840 मेगावाट तक बन रही। इस दौरान राज्य ने 4900 मेगावाट बिजली खुद पैदा की। 10300 मेगावाट के करीब बिजली केंद्र सरकार से ली है। सरकारी थर्मल ने 1657 मेगावाट बिजली पैदा की, जबकि प्राइवेट ने 2762 मेगावाट बिजली पैदा की। रोपड़ थर्मल प्लांट की चार यूनिट में से एक बंद रही। हाईड्रो 450 मेगावाट है।

डैमों की स्थिति इस प्रकार रही
- भाखड़ा डैम: जलस्तर 1564.02 फीट रहा है। बांध में 38,585 क्यूसेक पानी आया, जबकि 24,365 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
- पौंग डैम: जलस्तर 1318.49 फीट दर्ज किया। बांध में 15,336 क्यूसेक पानी आया और 15,505 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
तीन दिन बारी बारिश की संभावना चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक अगले 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पंजाब और हरियाणा के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जिसके कारण उत्तर भारत में मौसम में बदलाव बना रहेगा और कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

3 दिन कैसा रहेगा मौसम…
- 7 जुलाई: राज्य के जिलों में बारिश की संभावना है। जबकि पांच जिलों पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में आंधी-तूफान और गरज-चमक का अलर्ट है।
- 8 जुलाई: सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में गरज-चमक, बिजली गिरने और भारी बारिश का अलर्ट है।
- 9 जुलाई: सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में गरज-चमक, बिजली गिरने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है
***********
ये खबर भी पढ़ें:
हिमाचल के पागल नाला में बाढ़: कांगड़ा-कुल्लू में तेज बारिश, पार्बती-III प्रोजेक्ट के डैम से छोड़ा जाएगा पानी, आज 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मानसून की एंट्री के बाद से अब तक सामान्य से 63 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है। राज्य में अगले छह दिन भी बारिश से राहत के आसार नहीं है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटे तक (आज और कल) भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। (पढ़ें पूरी खबर)

