हरसिमरत बादल ने फिल्म खालड़ा पर प्रतिबंध की निंदा की: बठिंडा सांसद बोलीं- आप सरकार पंजाब विरोधी, कांग्रेस पर भी लगाए आरोप – Mansa News
बठिंडा से सांसद और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की वरिष्ठ नेता हरसिमरत कौर बादल ने ‘खालड़ा कमीशन’ (जसवंत सिंह खालड़ा) पर बनी फिल्म पर प्रतिबंध लगाने को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार और कांग्रेस पर चौतरफा हमला बोला है। मानसा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने इस प्रतिबंध की कड़े शब्दों में निंदा की। फिल्म पर प्रतिबंध दुर्भाग्यपूर्ण, ‘आप’ सरकार पंजाब विरोधी: हरसिमरत हरसिमरत कौर बादल ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने खुद केंद्र को पत्र लिखकर इस फिल्म पर रोक लगवाई है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म पंजाब के इतिहास और उस दौर की परिस्थितियों को लोगों के सामने लाने के लिए बनाई गई थी, ताकि सिख समुदाय पर हुए अत्याचारों और युवाओं की हत्याओं का सच सामने आ सके। फिल्म पर प्रतिबंध लगाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह साबित करता है कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब विरोधी है।” उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को “एक ही सिक्के के दो पहलू” करार देते हुए कहा कि दोनों ही दल पंजाब के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं। उन्होंने एलान किया कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनने पर गांव-गांव में ऐसी फिल्में दिखाई जाएंगी ताकि आने वाली पीढ़ी को सिखों के साथ हुए घटनाक्रम की सही जानकारी मिल सके। फर्जी एनकाउंटर और कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल पंजाब की कानून व्यवस्था पर राज्य सरकार को घेरते हुए सांसद ने डीजीपी के आंकड़ों का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 से अब तक पंजाब में 350 से अधिक एनकाउंटर हो चुके हैं। अकेले पिछले वर्ष नवंबर से जनवरी के बीच 34 एनकाउंटर दर्ज किए गए।उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह पहले कांग्रेस सरकार के समय हुआ था, ठीक उसी तरह आज ‘आप’ सरकार भी पंजाब के युवाओं को निशाना बना रही है। कांग्रेस पर भी साधा निशाना: “सभी नेता सीएम बनने की दौड़ में” हरसिमरत कौर बादल ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी नेता मुख्यमंत्री बनने की होड़ में लगे हैं और उनका एकमात्र मकसद पंजाब के खजाने पर कब्जा करना है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर राज्य में गैंगस्टरवाद को बढ़ावा देने का भी गंभीर आरोप लगाया। अपने इस दौरे के दौरान हरसिमरत कौर बादल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठकें कीं और शिरोमणि अकाली दल के उन कार्यकर्ताओं के परिवारों से मिलकर शोक व्यक्त किया, जिनके घरों में हाल ही में मौतें हुई थीं।
Source link

