फरीदकोट जिले में नगर काउंसिल चुनाव कल: 61 वार्डों में मतदान; 10 उम्मीदवार निर्विरोध जीते, 249 प्रत्याशी मैदान में – Faridkot News

फरीदकोट जिले में नगर काउंसिल चुनाव कल:  61 वार्डों में मतदान; 10 उम्मीदवार निर्विरोध जीते, 249 प्रत्याशी मैदान में – Faridkot News




फरीदकोट जिले में 26 मई मंगलवार को होने वाले नगर काउंसिल चुनावों के लिए प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए सोमवार को जिले की तीन नगर काउंसिलों फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो में मतदान को लेकर पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री के साथ संबंधित केंद्रों से रवाना किया गया। नगर काउंसिल फरीदकोट के लिए सरकारी बरजिंदरा कॉलेज, कोटकपूरा के लिए डॉ. हरि सिंह सेवक सरकारी स्कूल तथा जैतो के लिए यूनिवर्सिटी कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को बैलेट पेपर, बैलेट बॉक्स और अन्य जरूरी सामग्री देकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। पोलिंग पार्टियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस टीमें भी तैनात की गई हैं। 10 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए जिले की तीन नगर काउंसिलों फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो के कुल 71 वार्डों में से 61 वार्डों में 26 मई को मतदान होगा, जबकि 10 वार्डों में उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। कुल 249 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। फरीदकोट नगर काउंसिल के 25 वार्डों में से 24 वार्डों के लिए 105 उम्मीदवार, कोटकपूरा के 29 वार्डों में से 27 वार्डों के लिए 100 उम्मीदवार और जैतो के 17 वार्डों में से 10 वार्डों के लिए 44 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। नामांकन वापसी के बाद आम आदमी पार्टी के फरीदकोट से एक, कोटकपूरा से दो और जैतो से सात उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा मतदान-रिटर्निंग अधिकारी इस मामले में फरीदकोट के रिटर्निंग अधिकारी कम एसडीएम पुनीत शर्मा ने बताया कि 26 मई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद बैलेट बॉक्स स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखे जाएंगे तथा 29 मई को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *