चॉकलेट की जिद ने पिता को मुसीबत में डाला: जगराओं स्टेशन पर रोया बच्चा तो लोगों ने समझा ‘किडनैपर’, पुलिस के सामने आया हैरान करने वाला सच – Jagraon News
लुधियाना के जगराओं रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक बेहद अजीबोगरीब और हैरान करने वाला वाकया सामने आया, जहां एक मासूम बच्चे का चॉकलेट के लिए रोना उसके सगे पिता के लिए भारी आफत बन गया। बच्चे को रोता देख स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने व्यक्ति को ‘बच्चा चोर’ समझ लिया और देखते ही देखते पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इससे यह खबर आग की तरह फैल गई। लोगों के भारी विरोध और अपहरण के आरोप के बाद रेलवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पिता-पुत्र दोनों को हिरासत में ले लिया। हालांकि, जांच के बाद जो सच सामने आया, उसने सबको हैरान कर दिया। पता चला कि ट्रेन पकड़ने की जल्दी के चलते वह बच्चे को चॉकलेट नहीं दिला सका, जिससे बच्चा रो रहा था। ट्रेन पकड़ने की जल्दी और बच्चे का रोना बना आफत यह पूरी घटना उस समय शुरू हुई जब एक व्यक्ति अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर लुधियाना से फिरोजपुर जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए प्लेटफॉर्म की तरफ तेजी से दौड़ रहा था। इसी जल्दबाजी के बीच बच्चा रास्ते में चॉकलेट खाने की जिद पर अड़ गया और जोर-जोर से रोने-चिल्लाने लगा। एक तरफ पिता की तेज भागने की छटपटाहट और दूसरी तरफ बच्चे की चीखें सुनकर आसपास के लोगों को शक हो गया कि बच्चा किसी अनजान व्यक्ति के चंगुल में है और उसका अपहरण किया जा रहा है। फिर क्या था, यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद मौके पर मुस्तैद रेलवे पुलिस ने तुरंत दौड़कर उस व्यक्ति को दबोच लिया और बच्चे सहित हिरासत में ले लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें, मची अफरा-तफरी स्टेशन पर जब यह हंगामा हो रहा था, तो कुछ लोगों ने जिम्मेदारी दिखाने के बजाय बिना सच जाने उस बेबस पिता की तस्वीरें खींचीं और एक भ्रामक ऑडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इस फेक न्यूज के फैलते ही यात्रियों और रेलवे पुलिस महकमे में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दो घंटे की गहन जांच में खुला ‘चॉकलेट’ का राज रेलवे चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस ने करीब दो घंटे तक बच्चे और उस व्यक्ति से जुड़े हर एक दस्तावेज और पहलू की बारीकी से जांच की। पूछताछ और पहचान पत्रों के मिलान के बाद यह पूरी तरह साफ हो गया कि वह व्यक्ति कोई किडनैपर नहीं, बल्कि उस बच्चे का सगा पिता ही है। पिता सिर्फ ट्रेन छूटने के डर से जल्दबाजी में भाग रहा था, जबकि बच्चा चॉकलेट न मिलने के कारण रो रहा था। सभी तथ्यों की पुष्टि होने और गलतफहमी दूर होने के बाद रेलवे पुलिस ने राहत की सांस ली और पिता-पुत्र को सम्मानपूर्वक अगली ट्रेन से उनकी मंजिल के लिए रवाना किया। रेलवे चौकी प्रभारी की अपील: “सजग रहें, पर अफवाह न फैलाएं” चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि लुधियाना से फिरोजपुर जाने वाली ट्रेन में बच्चा रो रहा था और जैसे ही ट्रेन रुकी, सवारियों ने बिना सोचे-समझे अपहरण का शोर मचा दिया। जनता का सतर्क रहना बेहद जरूरी है, लेकिन किसी भी घटना की पूरी सच्चाई जाने बिना उसे सोशल मीडिया पर वायरल करना बिल्कुल गलत है।” उन्होंने साफ किया कि अपहरण की यह खबर पूरी तरह झूठी और निराधार थी और भविष्य में ऐसी किसी भी स्थिति में पहले पुलिस से पुष्टि जरूर करें।
Source link

