पंजाब-चंडीगढ़ में बारिश, तेज आंधी चली: 8 फीट पानी में फंसी टूरिस्ट बस, 13 बच्चे समेत 55 श्रद्धालु सवार थे – Chandigarh News

पंजाब-चंडीगढ़ में बारिश, तेज आंधी चली:  8 फीट पानी में फंसी टूरिस्ट बस, 13 बच्चे समेत 55 श्रद्धालु सवार थे – Chandigarh News




पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून सक्रिय है। चंडीगढ़, मोहाली, कपूरथला में तेज बारिश हुई, इसके अलावा जालंधर में तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। वहीं पठानकोट में जालंधर-जम्मू NH-44 पर सुजानपुर में गुरुवार देर रात देहरादून से माता वैष्णो देवी की ओर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट बस रेलवे अंडरपास (पुल नंबर-3) के नीचे 8 फीट पानी में फंस गई। बस में 13 बच्चों सहित 55 यात्री सवार थे, जो पानी बढ़ता देख बेहद घबरा गए। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF), पुलिस और क्षेत्र के युवाओं ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी 55 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उधर, हिमाचल के रिब्बा में फ्लैश-फ्लड आ गया, जिससे कई गाड़ियां मलबे में दब गईं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज भी पंजाब-चंडीगढ़ में बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार अगले पांच दिनों तक पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का दौर जारी रहेगा। मानसून ने 1 जुलाई को पंजाब और चंडीगढ़, दोनों में दस्तक दी। यह पिछले साल के मुकाबले पंजाब में 9 दिन और चंडीगढ़ में 7 दिन देरी से पहुंचा। बारिश के बाद की PHOTOS…. सीटीईटी कॉलेज के हॉल का एक हिस्सा ढहा चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित सीटीईटी कॉलेज के मल्टीपर्पज हॉल का एक हिस्सा ढह गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, क्योंकि भवन को पहले ही असुरक्षित घोषित कर उपयोग के लिए बंद कर दिया गया था। हिमाचल में भारी बारिश का कहर, रिब्बा में फ्लैश-फ्लड, गाड़ियां दबी हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला में बीती रात में भारी बारिश हुई। किन्नौर के चोलिंग में तेज बारिश के बाद मलबा नेशनल हाईवे पर आ गया। इसमे दो गाड़ियां दब गई। इससे NH वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया। किन्नौर के ही रिब्बा गांव में भी सुबह तीन बजे फ्लैश फ्लड से लोग घबरा गए। कुछ लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और कुछ गाड़ियां निकालने लगे। राज्य में बीते दो दिनों के दौरान नॉर्मल से 211 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। अगले छह भी बारिश से राहत के आसार नहीं है। मौसम विभाग (IMD) ने आज कांगड़ा और मंडी जिलों में कुछेक स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुल्लू, शिमला, सिरमौर और ऊना जिलों के लिए यलो अलर्ट दिया गया है। फ्लैश फ्लड आने के बाद के PHOTOS… तापमान में आई बड़ी गिरावट, गर्मी से राहत
मानसून की बारिश के बाद पंजाब के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। राज्य का सबसे अधिक तापमान रोपड़ में 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि बठिंडा में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे पंजाब में सबसे कम रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से करीब 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है, जिससे रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत महसूस हो रही है। अगले 5 दिन इस प्रकार रहेगा
3 और 4 जुलाई को कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 5 जुलाई से 8 जुलाई तक पंजाब और चंडीगढ़ के कई जिलों के लिए भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश, बिजली गिरने और तेज आंधी चलने की संभावना है। प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को तेज बारिश और आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर इमारतों से दूर रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा जलभराव वाले इलाकों और निचले क्षेत्रों में जरूरी आवाजाही से बचने को कहा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *