संगरूर में किसान के घर लाखों की चोरी: जाली काटकर घुसे चोर 25 तोला सोना और 30 हजार नकदी चुराई, पास में ही सोता रहा परिवार – Barnala News
संगरूर जिले के अधीन आते गांव केहर सिंह वाला में एक किसान के घर पर लाखों रुपये के सोने और नकदी पर हाथ साफ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात चोर देर रात शातिराना ढंग से घर में दाखिल हुए और करीब 25 तोला सोना और 30 हजार रुपये की नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर गहनता से जांच शुरू कर दी है। पीड़ित किसान मेजर सिंह धालीवाल ने बताया कि रोज की तरह रात के समय उनका पूरा परिवार घर के भीतर सो रहा था। इसी बीच चोरों ने बरामदे में लगी लोहे की जाली को कटर से काटा और अंदर घुसकर मुख्य दरवाजे की कुंडी खोल ली। इसके बाद चोरों ने बेखौफ होकर कमरों के ताले तोड़े और अलमारियों के लॉकर खंगाल डाले। दो अलग-अलग अलमारियों से साफ किया हाथ किसान के मुताबिक, चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया एक कमरे की अलमारी से चोरों ने 10 हजार रुपये नकद और लगभग 12 तोला सोने के गहने चुराए। वहीं, दूसरे कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर चोर 20 हजार रुपये नकद और करीब 13 तोला सोना उड़ा ले गए। इस प्रकार घर से कुल 25 तोला सोना और 30 हजार रुपये कैश चोरी हो गया। पास ही सो रहा था परिवार, सुबह खेत से लौटने पर खुला राज हैरानी की बात यह रही कि जिस वक्त चोर अलमारियों के लॉकर तोड़ रहे थे, उसके बिल्कुल पास वाले हिस्से में ही परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। मेजर सिंह को इस वारदात का पता सुबह तब चला जब वह खेतों से काम कर वापस लौटे और देखा कि कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद चोर घर के छोटे दरवाजे से निकला था। साइकिल सवार संदिग्ध CCTV में कैद, पुलिस का दावा जल्द होगी गिरफ्तारी थाना लोंगोवाल प्रभारी बलवंत सिंह बलिंग ने बताया कि “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। आस-पास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति साइकिल पर जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज, फिंगरप्रिंट्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।”
Source link

