बरनाला नगर निगम चुनाव कल, 48 वार्डों में मतदान: 95 बूथों पर सुरक्षा कड़ी, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस तैनात – Barnala News
बरनाला नगर निगम चुनावों के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के कुल 50 वार्डों में से 48 वार्डों में कल मतदान होगा। वार्ड नंबर 4 और 31 में उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इन चुनावों में 84,848 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार चुनाव ईवीएम के बजाय मतपत्रों के जरिए करवाए जा रहे हैं। मतदान सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित है। चुनाव स्टाफ को शहर के एसडी कॉलेज से अपनी ड्यूटी के लिए 95 पोलिंग बूथों की ओर रवाना किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) विवेक मोदी ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पोलिंग स्टेशन के अंदर और बाहर वीडियो कैमरे लगाए गए हैं। हर स्टेशन पर पांच पोलिंग पार्टियां तैनात रहेंगी। उन्होंने मतदाताओं से गर्मी को देखते हुए सुबह जल्दी मतदान करने की अपील की। एडीसी ने स्पष्ट किया कि शाम 5 बजे तक लाइन में खड़े सभी मतदाताओं को वोट डालने का अधिकार दिया जाएगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथों पर बुनियादी सुविधाएं भी मुहैया कराई गई हैं। SP बोलें- पुलिस पूरी तरह मुस्तैद सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी देते हुए एसपी सोहन लाल सोनी ने बताया कि डीसी और एसएसपी के निर्देशों पर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पहले 100 बूथ थे, लेकिन 5 बूथों पर सर्वसम्मति के बाद अब 95 बूथों पर सुरक्षा बल तैनात किया गया है। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 149 अतिरिक्त जवान लगाए गए हैं और रात के समय हर बूथ पर 1-4 सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। शहर में 7 बूथों को ‘अति-संवेदनशील’ और 16 बूथों को ‘संवेदनशील’ घोषित किया गया है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा, 10 पेट्रोलिंग पार्टियां और उच्च अधिकारियों के नेतृत्व में 6 रिजर्व पार्टियां लगातार शहर में गश्त करेंगी। उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगाड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त पर रहेंगी।
Source link

