जालंधर में आवारा कुत्ते ने घर में घुसकर हमला किया: व्यक्ति को बुरी तरह काटा, गंभीर हालत में नकोदर से जिला सिविल अस्पताल रेफर – Nakodar News

जालंधर में आवारा कुत्ते ने घर में घुसकर हमला किया:  व्यक्ति को बुरी तरह काटा, गंभीर हालत में नकोदर से जिला सिविल अस्पताल रेफर – Nakodar News




जालंधर के अंतर्गत आते नूरमहल के मोहल्ला भलोवाल में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहाँ एक आवारा कुत्ते ने एक घर के भीतर घुसकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही भी सामने आई है, जहाँ नकोदर के सरकारी अस्पताल ने घायल को भर्ती करने से साफ मना कर दिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जालंधर सिविल अस्पताल रेफर करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना मोहल्ला भलोवाल में उस वक्त हुई जब प्रसोतम लाल के बेटे सुखदेव कुमार अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान गली में घूम रहा एक खूंखार आवारा कुत्ता उनके घर के अंदर दाखिल हो गया। इससे पहले कि सुखदेव कुछ समझ पाते, कुत्ते ने उन पर बुरी तरह हमला कर दिया और उन्हें गहरे जख्म दे दिए। सुखदेव की चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिवार के सदस्यों ने बड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को डंडे मारकर घर से बाहर खदेड़ा और तुरंत घायल को अस्पताल लेकर रवाना हुए। नकोदर सरकारी अस्पताल पर इलाज न करने का आरोप पीड़ित परिवार ने स्वास्थ्य प्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे सुखदेव को तुरंत नकोदर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। लेकिन वहां के स्टाफ और डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल सुखदेव को भर्ती करने और प्राथमिक उपचार देने से इनकार कर दिया। अस्पताल के इस टालमटोल रवैये के बाद परिजन उन्हें जालंधर के सिविल अस्पताल लेकर आए, जहाँ फिलहाल उनका उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मोहल्ला निवासियों में भारी रोष, प्रशासन से कार्रवाई की मांग इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे मोहल्ले और नूरमहल इलाके के लोगों में नगर परिषद तथा स्थानीय प्रशासन के खिलाफ गहरा गुस्सा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की तादाद बेकाबू हो चुकी है। इससे पहले भी कई राहगीर और मासूम बच्चे इन कुत्तों का शिकार होकर अस्पतालों में पहुंच चुके हैं। मोहल्ले के लोगों ने नगर परिषद नूरमहल और जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने के लिए तुरंत एक विशेष अभियान (नसबंदी व धरपकड़) चलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान पर न बन आए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस गंभीर मुद्दे पर आगे किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *