अबोहर के युवक की आपबीती: चिट्टे ने बर्बाद की जिंदगी, बोला- नशे से दूर रहें युवा; 30 तस्कर गिरफ्तार – Abohar News
अबोहर में नशे की भयावह स्थिति एक बार फिर सामने आई है। नशे की लत से जूझ रहे एक युवक ने अपनी आपबीती सुनाते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की है। युवक का कहना है कि नशा व्यक्ति की सेहत, परिवार और भविष्य को पूरी तरह बर्बाद कर देता है। आकाश नामक युवक ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से चिट्टे (हेरोइन) का सेवन कर रहा है। उसकी लत इस हद तक बढ़ चुकी है कि उसे रोजाना करीब 500 रुपये की खुराक लेनी पड़ती है। नशे का खर्च पूरा करने के लिए वह कबाड़ इकट्ठा करता है और कई बार चोरी जैसे अपराधों की ओर भी धकेला गया। उसके खिलाफ थाना सिटी-1 में चोरी के तीन मामले दर्ज हैं। आकाश ने बताया कि जब उसे नशा नहीं मिलता तो उसकी तबीयत बिगड़ने लगती है। शरीर में कमजोरी, दस्त और चलने-फिरने में परेशानी जैसी दिक्कतें होने लगती हैं। ऐसे समय में वह राहत पाने के लिए अन्य नशीले पदार्थों का सहारा लेने को मजबूर हो जाता है। उसने युवाओं से अपील की कि वे कभी भी नशे की शुरुआत न करें, क्योंकि इससे निकलना बेहद मुश्किल होता है। DSP बोले- पंजाब पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही इस बीच डीएसपी हरीश कुमार ने बताया कि पंजाब पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। पिछले एक सप्ताह के दौरान 14 मामले दर्ज कर करीब 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा बेचने वालों या नशे से पीड़ित व्यक्तियों की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। वहीं, समाजसेवी गगन चुघ वर्ष 2018 से नशा पीड़ितों को नशा मुक्ति केंद्रों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। अब तक वे करीब 400 लोगों को नशा मुक्ति केंद्र भेज चुके हैं। केवल जून माह में ही एक युवती सहित 27 युवाओं को उपचार के लिए भेजा गया है। उन्होंने समाज के अन्य लोगों से भी नशे के खिलाफ आगे आने की अपील की है।
Source link

