बठिंडा के रेस्टोरेंट में टिक्की से निकली मरी छिपकली: शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने मारा छापा; रसोई में मिलीं कई गंभीर खामियां – Bathinda News
बठिंडा के हुड्डा मार्केट स्थित ‘चाट किंग इंडिया’ रेस्टोरेंट में एक ग्राहक की टिक्की में मरी हुई छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट पर छापा मारा, जिसमें रसोई में कई गंभीर खामियां सामने आईं। विभाग ने रेस्टोरेंट प्रबंधन को नोटिस जारी कर कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। पीड़ित ग्राहक मनू ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट में टिक्की और भल्ला खाने आया था। टिक्की खाते समय उन्हें मुंह में किसी पत्ते जैसी चीज महसूस हुई। जब उन्होंने उसे बाहर निकालकर देखा, तो वह एक मरी हुई छिपकली थी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत रेस्टोरेंट प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। ग्राहकों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर रेस्टोरेंट की महिला संचालक ने गंभीरता दिखाने के बजाय कहा कि “छिपकली तो घरों में भी होती है, इसमें कौन-सी बड़ी बात है।” सूचना मिलने के लगभग दो घंटे बाद, फूड सेफ्टी ऑफिसर दिव्या गोस्वामी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट में छापेमारी की। जांच के दौरान मिली कई अनियमितताएं जांच के दौरान रसोई में कई अनियमितताएं पाई गईं। रसोई के अंदर ही कर्मचारियों के रहने के लिए पार्टीशन किया गया था और वहीं शौचालय भी बना हुआ था। इसके अतिरिक्त, कूड़ेदान भरे हुए थे और कई दिनों पुरानी चटनियां भी मिलीं। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। विभाग ने रेस्टोरेंट प्रबंधन को दो दिन के भीतर सभी कमियां दूर करने का निर्देश दिया है और दोबारा निरीक्षण की चेतावनी भी दी है। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

