तरनतारन में वोटर लिस्ट का SIR शुरू: 25 जून से बीएलओ जाएंगे घर-घर; 3 अगस्त को मतदाता सूचियों का प्रकाशन – tarn-taran News
SIR के बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित तरनतारन के चुनाव अधिकारी राहुल ।
तरनतारन में भारत निर्वाचन आयोग और पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों पर मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू हो गया है। अभियान के तहत 25 जून से 24 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLOs) घर-घर जाकर गणना फॉर्म भरेंगे। यह जानकारी
.
राहुल ने बताया कि SIR की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग का मुख्य उद्देश्य हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अयोग्य व्यक्तियों के नाम हटाना है। जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि इस कार्य के लिए तरनतारन जिले में कुल 911 BLO, 93 सेक्टर सुपरवाइजर और 4 इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) तैनात किए गए हैं। तरनतारन जिले में 7.50 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिसके अनुसार प्रत्येक BLO को औसतन 850 मतदाताओं का SIR करना होगा।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई मतदाता SIR के तहत गणना फॉर्म नहीं भरता है, तो उसे 3 अगस्त, 2026 को प्रकाशित होने वाली मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। आयोग द्वारा जारी विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 25 जून से 24 जुलाई, 2026 तक BLO घर-घर जाकर पहले से मुद्रित गणना फॉर्म वितरित करेंगे और उन्हें भरवाएंगे। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 3 अगस्त, 2026 को किया जाएगा।
3 अगस्त से दावे और आपत्तियां होंगी प्राप्त
3 अगस्त से 2 सितंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर, 2026 को प्रकाशित की जाएगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची को मौजूदा सूची से जोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि BLO मतदाताओं से संपर्क करने के लिए उनके घर तीन बार जाएंगे।
आधार कार्ड को केवल पहचान के स्रोत के तौर पर मान्यता
SIR के दौरान आधार कार्ड को केवल पहचान के स्रोत के तौर पर मान्यता दी गई है, न कि पहचान के सबूत के तौर पर। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की मदद या जानकारी के लिए बनाए गए ‘हेल्प डेस्क’ या 1950 और *01852-224115* पर संपर्क किया जा सकता है। इस मौके पर तहसीलदार इलेक्शन इंदरजीत सिंह और इलेक्शन कानूनगो दिलबाग सिंह भी मौजूद थे।

