गुरदासपुर में चोर की अनूठी ‘श्रद्धा’: चोरी करने से पहले और बाद में भगवान के सामने झुकाया सिर, फिर दानपात्र तोड़ उड़ाई नकदी, CCTV में कैद हुई करतूत – Pathankot News

गुरदासपुर में चोर की अनूठी ‘श्रद्धा’:  चोरी करने से पहले और बाद में भगवान के सामने झुकाया सिर, फिर दानपात्र तोड़ उड़ाई नकदी, CCTV में कैद हुई करतूत – Pathankot News




पंजाब के गुरदासपुर में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शातिर चोर ने आस्था और अपराध का एक अजीब नजारा पेश किया। गुरदासपुर के पंडोरी रोड पर स्थित गांव कृष्णा नगर और जट्टूवाल के कुल चार मंदिरों को एक ही रात में निशाना बनाया गया।
चोर ने चारों मंदिरों के दानपात्र के ताले तोड़कर उनमें रखी हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। लेकिन इस पूरी वारदात में सबसे हैरान करने वाली बात चोर की ‘श्रद्धा’ रही। चोर मंदिर में दाखिल होने से पहले अपनी चप्पलें बाहर उतारता है, पूरी श्रद्धा के साथ भगवान के आगे माथा टेकता है और फिर चोरी की वारदात को अंजाम देता है।
इतना ही नहीं, चोरी करने के बाद भी वह दोबारा माथा टेककर आराम से बाहर निकल जाता है। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सीसीटीवी में बैग और औजारों के साथ दिखा चोर
गांववासियों के अनुसार, यह वारदात रात के करीब 2 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर कंधे पर एक बैग टांगे हुए गली में आता है। उस बैग में वह ताले तोड़ने वाले औजार लेकर आया था। उसने पूरे पेशेवर ढंग से मंदिरों के दरवाजे और गालों के ताले तोड़े, लेकिन साथ ही वह धार्मिक मर्यादा (जूते उतारना और माथा टेकना) का पालन करना भी नहीं भूला।
इन मंदिरों को बनाया निशाना
चोर ने गांव कृष्णा नगर के तीन और जट्टूवाल के एक मंदिर में चोरी की। उसने कृष्णा नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर, शिव मंदिर, जठेरों का मंदिर और जट्टूवाल के शिव मंदिर को निशाना बनाया। जट्टूवाल मंदिर के पुजारी नरेंद्र कुमार शर्मा, कृष्णा नगर के सरपंच राकेश कुमार और ग्रामीण गोवर्धन शर्मा ने बताया कि चोर चारों मंदिरों के दानपात्र तोड़कर अनुमानित 60-70 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गया है।
ग्रामीणों में भारी रोष, पुलिस से गुहार
धार्मिक स्थलों पर हुई इस चोरी के बाद इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है। ग्रामीणों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। मामले की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस अनोखे और शातिर चोर को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और सलाखों के पीछे भेजा जाए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *