पंजाब में आंधी के कारण पेड़ गिरा, एक की मौत: चंडीगढ़, मोहाली, जालंधर-लुधियाना में बारिश, 10 जिलों में तूफान का अलर्ट जारी – Mohali News
पंजाब में रविवार शाम को अचानक मौसम बदल गया। जालंधर, मोहाली, लुधियाना और चंडीगढ़ में आंधी के साथ बारिश हुई। वहीं फाजिल्का के अबोहर तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से डेयरी संचालक की मौत हो गई। हादसा कंधवाला रोड पर नहर के पास हुआ। मृतक की पहचान तारा एस्टेट निवासी 40 वर्षीय दविंद्र कुमार के रूप में हुई है। दविंद्र कुमार ढाणी विशेषरनाथ में अपना डेयरी फार्म चलाता था। वह रविवार को भी अपने फार्म से दूध लेकर शहर में विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करने जा रहा था। 11:33 बजे तक आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक बरनाला, संगरूर, बठिंडा, मोगा, फिरोजपुर, जालंधर, तरनतारन, कपूरथला, लुधियाना, एसबीएस नगर के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने के साथ आंधी (हवा की गति 40-60 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है। विभाग ने कहा कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। 23 जून तक इस तरह का मौसम बना रहेगा। इस समय पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भी मौसम को प्रभावित कर रहा है। हालांकि, तापमान 40 डिग्री से नीचे है। जून में 20% कम बारिश हुई पंजाब में 1 जून से 20 जून 2026 तक सामान्य से 23% कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में राज्य में 21.8 मिमी वर्षा हुई। जबकि, सामान्य बारिश 28.2 मिमी होनी चाहिए थी। जिलों में सबसे अधिक बारिश तरनतारन में सामान्य से 65% ज्यादा दर्ज की गई। जबकि, एसबीएस नगर (नवांशहर) में 54%, लुधियाना में 50% और अमृतसर में 39% अधिक वर्षा हुई। दूसरी ओर बरनाला में सबसे ज्यादा 84% बारिश की कमी रही। इसके अलावा होशियारपुर में 68%, संगरूर में 62% और रूपनगर में 61% कम बारिश रिकॉर्ड की गई। 25 जून तक के मौसम को दो पॉइंट्स में जानिए गर्मी का असर यह असर पड़ रहा 1. 15 हजार मेगावाट तक पहुंची बिजली की मांग शनिवार को बिजली की डिमांड 15 हजार मेगावाट तक पहुंची। शाम सवा छह बजे 14934 मेगावाट और रात आठ बजे तक 14600 मेगावाट के पार रही। इस दौरान पंजाब की जनरेशन 5 हजार मेगावाट के करीब रही है। जबकि, सेंटर से 10 हजार मेगावाट के करीब बिजली खरीदी गई है। 2. थर्मल प्लांट की 5 यूनिट बंद इस दौरान रोपड़ के 4 यूनिटों में से एक यूनिट बंद रही। जबकि, 3 यूनिट आधी क्षमता पर चले। लेहरा मोहब्बत के 4 में से 3 यूनिट बंद रहे। गोइंदवाल में भी एक यूनिट बंद रहा है। जबकि, प्राइवेट थर्मल प्लांट राजपुरा की दो यूनिटें चल रही हैं। तलवंडी साबो पूरी क्षमता से चल रहा है। हाइड्रो प्रोजेक्टों में 950 मेगावाट बिजली बनाई गई है। दो दिन तापमान स्थित रहेगा मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक राज्य में 24 जून तक मौसम बदला हुआ रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो दिन तापमान लगभग स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
Source link

