मोहाली में 2 माह से लापता 13 वर्षीय किशोर: परिजनों की गुहार के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों पर अपहरण का केस दर्ज किया – Kharar News

मोहाली में 2 माह से लापता 13 वर्षीय किशोर:  परिजनों की गुहार के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों पर अपहरण का केस दर्ज किया – Kharar News




मोहाली के भगतघाट क्षेत्र से दो माह पहले लापता हुए 13 वर्षीय किशोर के मामले में पुलिस ने आखिरकार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों की लगातार गुहार के बाद यह कार्रवाई की गई, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बिहार के खगड़िया जिले के मूल निवासी सुधीर का 13 वर्षीय बेटा विशाल, जो वर्तमान में खरड़ के भगतघाट ग्राउंड के पास किराए पर रहता है, 22 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे घर से खेलने निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने बताया कि विशाल अक्सर दोस्तों के घर चला जाता था और वहीं सो जाता था, इसलिए पहले दिन उन्हें ज्यादा चिंता नहीं हुई। परिवार को पता चला था कि विशाल पड़ोस में रहने वाले अंशु के घर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन बाद में पूछताछ करने पर वह वहां भी नहीं मिला। जब अगले दिन तक विशाल का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचित किया। पीड़ित बोला- पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की सुधीर ने बताया कि उन्होंने रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित स्थानों पर बच्चे की लगातार तलाश की। वह करीब एक सप्ताह तक नियमित रूप से खरड़ सिटी थाने जाते रहे और बेटे को ढूंढने की गुहार लगाते रहे। पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया कि बच्चे की तलाश जारी है और उन्हें भी अपने स्तर पर तलाश जारी रखने की सलाह दी, लेकिन कोई औपचारिक शिकायत या एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पीड़ित पिता के अनुसार, दो दिन पहले वह फिर थाने पहुंचे और अधिकारियों को बताया कि उनका बेटा अब तक नहीं मिला है। इसके बाद जब मामले की दोबारा जांच की गई, तो पता चला कि अब तक एफआईआर दर्ज ही नहीं हुई थी। इसके पश्चात, थाना सिटी खरड़ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *